उत्तर प्रदेशराज्‍य

पीआरडी जवानों को योगी सरकार का तोहफा, दैनिक भत्ता बढ़ा और मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के दैनिक ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस निर्णय से 27,794 जवानों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा पीआरडी जवानों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के मुफ्त कैशलेस उपचार की सुविधा भी मिलेगी। सीएम योगी ने पहले ही पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि का ऐलान किया था। अब कैबिनेट से इसे मूर्त रूप दे दिया गया।

सीएम योगी की अध्यक्षता में बैठक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में पीआरडी जवानों के मानदेय बढ़ाने का फैसला लिया गया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बैठक के बाद मीडिया को बताया कि सरकार पीआरडी जवानों के भत्ते में लगातार बढ़ोतरी कर रही है। वित्त मंत्री ने कहा कि आठ मार्च 2019 को पीआरडी जवानों का दैनिक भत्ता 250 रुपये से बढ़ाकर 375 रुपये किया गया था।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने आगे कहा कि इसके बाद छह जनवरी 2022 को इसे बढ़ाकर 395 रुपये और 16 अप्रैल 2025 को 395 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये किया गया था। वित्त मंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल ने अब दैनिक भत्ते को बढ़ाकर 600 रुपये करने पर सहमति दी है।

कैशलेस इलाज को भी मंजूरी

योगी कैबिनेट ने पीआरडी जवानों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा देने को भी मंजूरी दी है। सुरेश खन्ना ने बताया कि इस योजना के तहत उन जवानों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी, जिन्होंने एक वित्तीय वर्ष में कम से कम तीन महीने ड्यूटी की हो।

पीआरडी जवान आपात स्थिति और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा अन्य कार्यों में राज्य प्रशासन और पुलिस की सहायता करते हैं। इस लिहाज से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में वे अहम भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button