अंतर्राष्ट्रीय

रूसी डीजल डील पर ट्रंप के विरोध में उतरे अपने ही सांसद, तुरंत प्लान वापस लेने की मांग की

अमेरिका में रूसी डीजल की खरीद पर लगी पाबंदियों को हटाने के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले का विरोध शुरू हो गया है. रिपब्लिकन पार्टी के सांसद ब्रायन फिट्जपैट्रिक ने इस फैसले को रोकने के लिए एक द्विदलीय विधेयक पेश करने की घोषणा की है. उन्हें अपनी ही पार्टी के सांसद डॉन बेकन का भी समर्थन मिला है. बेकन इस विधेयक के सह-प्रस्तावक बनने के लिए तैयार हो गए हैं.

ब्रायन फिट्जपैट्रिक अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में ‘कांग्रेसनल यूक्रेन कॉकस’ के सह-अध्यक्ष हैं. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि उनकी योजना रूस से तेल की किसी भी तरह की खरीद पर रोक लगाने के लिए नया विधेयक लाने की है. फिट्जपैट्रिक ने कहा कि इस विधेयक का नाम ‘रोनाल्ड रीगन पीस थ्रू स्ट्रेंथ एक्ट’ रखा जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि विधेयक को सदन में मतदान के लिए लाने के लिए एक विशेष प्रक्रिया अपनाई जाएगी. उनके मुताबिक इस प्रस्ताव को सदन में भारी समर्थन मिल सकता है.

नेब्रास्का से रिपब्लिकन सांसद डॉन बेकन ने भी इस पहल का समर्थन किया है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि वह विधेयक के शुरुआती सह-प्रस्तावक बनने के लिए पहले ही सहमति दे चुके हैं. बेकन ने कहा कि कांग्रेस को ट्रंप के फैसले के खिलाफ अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए. हालांकि इस विधेयक के पारित होने की राह आसान नहीं मानी जा रही है. अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का मौजूदा कार्यकाल जनवरी में समाप्त हो रहा है. ऐसे में सांसदों के पास विधेयक पर चर्चा करने और उसे पारित कराने के लिए सीमित समय बचा है. इस कारण यह पहल राजनीतिक संदेश देने तक सीमित रह सकती है.

गौरतलब है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत के बाद एक समझौते की घोषणा की थी. ट्रंप के मुताबिक इस समझौते के तहत अमेरिका और वैश्विक बाजार में तत्काल तीन लाख टन डीजल की आपूर्ति की जाएगी. रूस से डीजल की आपूर्ति को लेकर लिए गए इसी फैसले पर अब अमेरिकी सांसदों के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button