पिता ने इकलौते बेटे की हत्या कर शव गड्ढे में फेंका, खुद की गर्दन पर ब्लेड मारे

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा की कासना कोतवाली क्षेत्र में झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पिता ने अपने 13 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव गांव के बाहर गड्ढे में फेंक दिया।
पुलिस का दावा है कि हत्यारोपित पिता ने जमीन के विवाद में कुछ लोगों को फंसाने के लिए यह घटना अंजाम दी है। एडीसीपी सुधीर कुमार के मुताबिक घटना सिरसा गांव की है।
गांव निवासी प्रदीप कुमार ने बृहस्पतिवार रात अपने 13 वर्षीय बेटे सुधांशु की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद शव गांव के बाहर गड्ढे में फेंक दिया।
आरोपी के भतीजे ने दी पुलिस को सूचना
आरोपित के भतीजे ने सुधांशु के लापता होने की काफी देर खोजबीन की, नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है जांच में संदेह होने पर पिता से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सुधांशु की गला दबाकर हत्या करने का जुर्म कबूल किया।
घटना के समय वह नशे में था, आरोपित का कहना है कि कुछ लोगों से उसकी जमीन का विवाद चल रहा है। हत्या के मामले में उन्हें फसाने के लिए ही उसने यह घटना अंजाम दी है। हत्यारोपित को हिरासत में लेकर पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।



