
दिल्ली से सटे नोएडा में पुलिस को कमिश्नर के निर्देशन में बड़ी सफलता हाथ लगी है. फेस-1 थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए सरगना समेत दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से एनसीआर में अवैध हथियारों की सप्लाई पर बड़ा झटका माना जा रहा है.
असल में पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गौतमबुद्ध नगर निवासी अभिषेक और समीर के रूप में हुई है. ये दोनों लंबे समय से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल थे और संगठित तरीके से गिरोह चलाते थे. गिरोह का नेटवर्क नोएडा के साथ-साथ पूरे एनसीआर क्षेत्र में फैला हुआ था जहां ये हथियारों की सप्लाई करते थे.
मामले में पुलिस ने सेक्टर-14 के पास छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोचा. मौके से कुल 11 अवैध हथियार बरामद किए गए, जिनमें 5 देशी पिस्टल और 6 तमंचे शामिल हैं. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये हथियार किन-किन लोगों तक पहुंचाए गए और गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं.
जांच में सामने आया है कि आरोपी बाहर के राज्यों से सस्ते दामों पर अवैध हथियार खरीदते थे और उन्हें नोएडा में ऊंचे दामों पर बेचते थे. एक पिस्टल पर इन्हें करीब 10 हजार रुपये तक का मुनाफा होता था. इस धंधे से आरोपी मोटी कमाई कर रहे थे और लगातार नेटवर्क को बढ़ाने में लगे थे.
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है. उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.



