
लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए। घायलों में 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शारदानगर थाना क्षेत्र के लगभग 50 लोग दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र स्थित कारीकोट मंदिर में मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। यात्रा के दौरान पढुआ थाना क्षेत्र में बोझिया पम्प और गढ़ बाबा मंदिर के बीच यह भीषण हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और असंतुलन के चलते ट्रॉली पलट गई, जिससे उसमें सवार लोग नीचे दब गए और चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवहन विभाग नहीं कस रहा शिकंजा
लखीमपुर खीरी जिले में परिवहन विभाग की सरपरस्ती में कृषि कार्य के लिए लाई गई ट्रैक्टर-ट्राली मुंडन पार्टियों के लिए इस्तेमाल की जा रही है, जिससे आए दिन हादसे होते हैं और लोगों की जान चली जाती है। यह हादसा एक बार फिर ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है।


