उत्तराखंडराज्‍य

देहरादून में वार्षिक बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ, 200 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

देहरादून। खेल मंत्री ने शनिवार को परेड ग्राउंड स्थित मल्टीपरपज हॉल में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित वार्षिक बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 200 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी अवकाश के दिनों में खेल प्रतियोगिता आयोजित कर यह संदेश दे रहे हैं कि कार्य जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही आवश्यक खेल और शारीरिक गतिविधियां भी हैं। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को परिश्रम, संघर्ष, अनुशासन और समर्पण जैसे गुण सिखाता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होते हैं।

खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड में खेल संस्कृति को नया विस्तार मिला है। प्रदेश के स्टेडियमों में अब नियमित रूप से खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं और राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का निरंतर आयोजन हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत आरक्षण और आउट ऑफ टर्न नियुक्ति जैसी सुविधाओं ने युवाओं को खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया है।

रेखा आर्या ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड में विकसित हो रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल ढांचे को देखते हुए भविष्य में कॉमनवेल्थ और ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजनों की कुछ प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर भी प्रदेश को मिल सकता है।

कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा, महासचिव प्रमोद कुमार, प्रभारी जिला खेल अधिकारी रविंदर भंडारी, भूपेंद्र बसेड़ा, सत्येंद्र सिंह सजवाण, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी पुनीता, संजय जोशी सहित अनेक खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button