अंतर्राष्ट्रीय

ये सुधरेंगे नहीं: पाकिस्तानी मुनीर की इंडिया को धमकी, ‘डैम बनाओ, मिसाइलें गिराकर तबाह कर दूंगा’

नई दिल्ली: पाकिस्तान के आर्मी प्रमुख असीम मुनीर ने एक बार फिर कश्मीर को पाकिस्तान के गले की नस बताया है। अमेरिका के दौरे पर पहुंचे मुल्ला मुनीर ने कहा कि कश्मीर, भारत का आंतरिक मसला नहीं है बल्कि एक अधूरा अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है। उन्होंने कहा कि कश्मीर का मामला संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव में मौजूद है और पाकिस्तान उसका समर्थन करता है। मुनीर की बीते डेढ़ महीने में यह दूसरी अमेरिका यात्रा है। उन्होंने फ्लोरिडा के टैंपा शहर में रविवार को पाकिस्तानी प्रवासियों को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान सिंधु जल समझौते पर धमकी देते हुए कहा कि अगर हम डूबेंगे तो आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे। आइए-समझते हैं कि आखिर क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शह पर पाकिस्तान ऐसे बयान दे रहा है?

हम डूबेंगे तो आधी दुनिया को साथ ले जाएंगे

दि प्रिंट की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने भारत को परमाणु जंग की धमकी है। मुनीर ने सिंधु जल संधि स्थगित करने को लेकर भारत पर 10 मिसाइलों से हमला कर तबाह करने की बात कही। असीम मुनीर ने कहा-भारत के इसे स्थगित करने के फैसले से 25 करोड़ लोगों के भुखमरी का खतरा पैदा हो सकता है।’ अगर भारत ने इस पर बांध बनाया तो हम उसे 10 मिसाइलों से उड़ा देंगे। उन्होंने कहा-हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं और अगर हमें लगता है कि हम डूब रहे हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे। मुनीर का यह बयान ठीक उसी तरह है, जैसे यह कहावत है कि हम तो डूबेंगे सनम, तुम्हें भी ले डूबेंगे।

मुनीर ने युद्ध टालने के लिए ट्रंप का किया थैंक्यू

मुनीर ने कहा कि भारत क्षेत्र में अस्थिरता पैदा करने पर तुला हुआ है। उन्होंने आगाह किया कि कोई भी गलती इलाके में बड़े संघर्ष की वजह बन सकती है। मुनीर ने भारत पर झूठे बहाने बनाकर पाकिस्तान पर हमला करने का आरोप लगाया। मुनीर ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद दिया और कहा कि उनकी रणनीति से पाकिस्तान-भारत के बीच युद्ध टला। मुनीर ने इस दौरान उन्होंने भारतीय एजेंसी रॉ को आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया।

पाकिस्तान छोड़ने पर जबरन की तारीफ

मुनीर ने यह भी बताया कि अमेरिका के साथ संभावित व्यापार समझौते से पाकिस्तान में बड़े निवेश की संभावना है। उन्होंने बताया कि अमेरिका, सऊदी अरब, यूएई और चीन के साथ कई समझौते चल रहे हैं, जो पाकिस्तान से उसके आर्थिक सहयोग को बढ़ाएंगे। उन्होंने पाकिस्तान छोड़कर विदेशों में रहने वाले पाकिस्तानियों की जबरन तारीफ की। मुनीर ने कहा कि उनका पाकिस्तान छोड़ना ‘प्रतिभा पलायन’ का मामला नहीं है, बल्कि ‘प्रतिभा हासिल’ करने का मामला है। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले पाकिस्तानी भी अपने देश के लिए उतने ही भावुक हैं, जितना पाकिस्तान में रहने वाले पाकिस्तानी।

भारत पर टैरिफ लगाने का फायदा उठा रहा पाकिस्तान

दरअसल, पाकिस्तान भारत पर लगे अमेरिकी टैरिफ का फायदा उठाने में लगा हुआ है। पाकिस्तान इस मौके की ताक में अरसे से है। वह खुद को अमेरिका परस्त दिखाकर अमेरिका के साथ नए कारोबारी समझौते कर सकता है। यही वजह है कि जनरल मुनीर बार-बार अमेरिका जा रहे हैं। हालांकि, अमेरिका भी यह जानता है कि पाकिस्तान कभी भी भारत का विकल्प नहीं बन सकता है।

अमेरिका से ज्यादा साजोसामान खरीदना चाहता है पाक

ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान की इतनी फजीहत हुई है कि वह अपनी फौज को मजबूत करने में लगा हुआ है। वह अमेरिका से ज्यादा फाइटर जेट्स, रडार सिस्टम, ड्रोन समेत सैन्य उपकरण, खुफिया जानकारी हासिल करना चाहता है। असीम मुनीर के बार-बार अमेरिका दौरे का मकसद यही है।

पाकिस्तान कर्ज में गले तक डूबा हुआ है

यह बात पूरी दुनिया जानती है कि पाकिस्तान गले तक कर्ज में डूबा हुआ है। वर्ल्ड बैंक और IMF जैसे संस्थानों से पाकिस्तान कई बार पैसे ले चुका है। इसके अलावा इन कर्ज बांटने वाली संस्थाओं से और पैसे पाने के लिए भी मुनीर बार-बार अमेरिका जा रहे हैं। वह अमेरिकी एड भी पाना चाहते हैं। इसके अलावा, वह पाकिस्तान की अमेरिका के प्रति वफादारी भी साबित करना चाहते हैं।

पहले भी कहा था कश्मीर हमारी गले की नस

इससे पहले जून में अपनी पिछली यात्रा में मुनीर ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मुलाकात की थी। वह पहले ऐसे पाकिस्तानी सेना प्रमुख बने जिन्होंने किसी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति से आमने-सामने बातचीत की। अप्रैल में भी मुनीर ने ऐसा ही बयान दिया था। उन्होंने कहा था- कश्मीर हमारी गले की नस था, है और रहेगा। हम इसे कभी नहीं भूलेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button