अपराधएनसीआरनोएडा

लंदन में बेटा, बाली में बेटी; नोएडा के फ्लैट में अकेले रह रहे बुजुर्ग का सोफे पर मिला शव

नोएडा: आज की दुनिया में इंसान शोहरत दौलत सब कुछ कमा लेता है, लेकिन आपाधापी में परिवार कहीं पीछे छूट जाता है. खासकर बच्चों के लिए खून-पसीना बहाकर उन्हें लायक बनाने वाले बुजुर्ग तन्हाई में जीने को मजबूर हैं. परिवार में अकेलेपन और बेबसी को बयां करने वाली ऐसी ही कहानी नोएडा की नामचीन सोसायटी से सामने आई है, जहां 68 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई. शेयर ट्रेडिंग का कारोबार करने वाले राजीव अरोड़ा की लाश उनके फ्लैट में तीन दिनों से थी और बीवी या बेटे-बेटी को इसकी खबर खबर तक नहीं हुई. जब बदबू आने लगी तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी और सारी कहानी सामने आई.

पुलिस के अनुसार,जांच में सामने आया है कि राजीव अरोड़ा अपनी पत्नी से कई वर्ष पहले अलग हो चुके थे. उनकी पत्नी नोएडा के सेक्टर 128 में रहती हैं. राजीव अरोड़ा का बेटा लंदन में इंजीनियर है. बेटी इंडोनेशिया के बाली द्वीप में रहती है. दोनों की शादी हो चुकी है.

फ्लैट में घुप्प अंधेरा और सोफे पर पड़ी थी लाश

पुलिस जब अंदर घुसी तो घुप्प अंधेरा था और अरोड़ा की लाश सोफे पर पड़ी थी. पुलिस ने उनकी बीवी को बुलाया और हालात की जानकारी दी. बताया जाता है कि हार्ट अटैक या ब्रेन हैमरेज से उनकी जान गई. फ्लैट का किराया और बिजली का बिल भी वो नहीं चुका पा रहे थे. सवाल उठता है कि क्या तीन दिनों के भीतर उनके किसी परिजन ने फोन करके उनकी सुध लेने की कोशिश नहीं की. अगर फोन नहीं उठा तो किसी को किसी अनहोनी की आशंका तक नहीं हुई. सरहदों की दूरियां तो ठीक हैं, लेकिन अगर दिलों के बीच दूरियां न रही होतीं तो शायद समय रहते राजीव अरोड़ा तक मदद पहुंच गई होती. हालांकि परिवार की तरफ से कोई भी इस बारे में कुछ नहीं कह रहा है.

आम्रपाली सिलिकन सिटी सोसायटी का मामला

आम्रपाली सिलिकन सिटी सोसायटी की 11वें फ्लोर पर राजीव अरोड़ा अकेले रहा करते थे. उनका बेटा ब्रिटेन में काम करता था और बेटी इंडोनेशिया में रहती है. बताया जाता है कि बीवी काफी वक्त से उनसे अलग रह रही है. शेयर बाजार में भारी नुकसान और अकेलेपन ने राजीव को तनाव में धकेल दिया था. वो पिछले छह महीने से आम्रपाली सिलिकॉन सिटी में 11वी मंजिल पर किराये के फ्लैट में अकेले रह रहे थे.

सोसायटी के फ्लैट में बदबू

थाना सेक्टर-113 प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि रविवार को सिलिकॉन सिटी सोसाइटी के एक फ्लैट से बदबू आने की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बंद फ्लैट का दरवाजा खुलवाया. अंदर एक बुजुर्ग का शव मिला, जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग की मौत दो से तीन दिन पहले हुई थी। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button