
नोएडा। ऑनलाइन भोजन उपलब्ध करने वाली नामी कंपनी से मंगवाए गए सैंडविच में प्लास्टिक का दस्ताना निकला। पीड़ित अकाउंटेंट ने सोशल मीडिया पर सैंडविच की दस्ताने समेत फोटो साझा कर जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई के गुहार लगाई। कंपनी के सोशल मीडिया अकाउंट पर ही मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। सेक्टर-45 में रहने वाले सतीश सरावगी पेशे से सर्टिफाइड पब्लिक अकाउंटेंट हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने 26 अगस्त को ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप से सैंडविच ऑर्डर किया। जब उन्होंने सैंडविच को देखा तो सैंडविच के भीतर से प्लास्टिक का दस्ताना था। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसके सैंडविच में सब्जियों और अन्य सामग्री के साथ एक प्लास्टिक का दस्ताना था।
उन्होंने बताया कि एक आउटलेट से ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप के जरिये खाने के लिए दो सैंडविच ऑर्डर किए। 712 रुपये के ऑर्डर में एक ब्रोकली, कॉर्न और बेसिल पेस्टो सैंडविच (सॉरडो बागुएट में) था, जबकि दूसरा स्मोक्ड कॉटेज चीज और पेपर सैंडविच था। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किए पोस्ट में शिकायतकर्ता ने कहा कि मैंने सैंडविच ऑर्डर किया था और उसमें दस्ताना निकला है। यह घटना गंभीर स्वच्छता से जुड़ा मामला है और इसकी जांच होनी चाहिए। सोशला मीडिया के जरिये मामला सामने आने पर फूड डिलीवरी करने वाली कंपनी ने प्रतिक्रिया दी। कंपनी ने इस घटना को निराशाजनक करार दिया। एक्स पर लिखा, नमस्ते सतीश, यह सुनकर हमें बहुत धक्का लगा है। हम सोच भी नहीं सकते कि यह आपके लिए कितना निराशाजनक रहा होगा। कृपया हमें कुछ समय दें, ताकि हम रेस्टोरेंट पार्टनर से बात कर सकें। हम इस बारे में आगे बात करने के लिए आपसे संपर्क करेंगे। पहले भी ऐसे मामले सामने आए करीब चार माह पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाली एक युवती ने एक रेस्टोरेंट से शाकाहारी बिरियानी मंगवाई थी, लेकिन रेस्टोरेंट संचालक ने चिकन बिरियानी भेज दी थी। युवती शुद्ध शाकाहारी थी और दो निवाले खाने के बाद उसे चिकन बिरियानी की जानकारी मिली। पुलिस ने इस मामले में रेस्टोरेंट कर्मचारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।



