पीएम मोदी आज करेंगे पुणे मेट्रो के नए कॉरिडोर का उद्घाटन, 4 नए रूट की भी रखेंगे नींव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पुणे मेट्रो की बहुप्रतीक्षित लाइन-3 का उद्घाटन करेंगे। वह सुबह 10:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस मेट्रो कॉरिडोर की शुरुआत करेंगे। मान-हिंजवडी से शिवाजीनगर तक जाने वाली इस लाइन से पुणे के आईटी हब, शहर के प्रमुख व्यावसायिक और प्रशासनिक इलाकों के बीच आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। हालांकि, यात्रियों के लिए मेट्रो सेवाएं चार नवंबर को सुबह छह बजे से शुरू होंगी।
उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे महाराष्ट्र के बड़े नेता
इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा अजीत पवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उद्घाटन समारोह महालुंगे-बालेवाड़ी स्थित श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बैडमिंटन हॉल में आयोजित किया जाएगा।विज्ञापन
23 किलोमीटर से ज्यादा लंबा है मेट्रो कॉरिडोर
पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएमआरडीए) के आयुक्त डॉक्टर अभिजीत चौधरी ने बताया कि लाइन-3 पूरी तरह से एलिवेटेड यानी जमीन से ऊपर बना 23.203 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर है। इसे ‘पुणेरी मेट्रो’ और ‘पिंक लाइन’ के नाम से भी जाना जाता है। यह मान से शुरू होकर हिंजवडी के राजीव गांधी इन्फोटेक पार्क से होते हुए शिवाजीनगर तक पहुंचेगी।
8,313 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई परियोजना
इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 8,313 करोड़ रुपये है। इसमें भूमि अधिग्रहण और उपयोगिता सेवाओं को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का खर्च भी शामिल है। इसे केंद्र सरकार की नेशनल मेट्रो रेल पॉलिसी, 2017 के तहत डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (डीबीएफओटी) मॉडल पर सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत तैयार किया गया है।
23 स्टेशनों में से 17 पर मिलेगी शुरुआत में सुविधा
इस मेट्रो कॉरिडोर पर कुल 23 स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें से 17 स्टेशन यात्रियों के लिए खोले जाएंगे। हालांकि, सात स्टेशनों पर शुरुआत में केवल एक सीढ़ी चालू रहेगी। यात्रियों को मेटो स्टेशन से उतरने के बाद बस, पैदल या दूसरे परिवहन साधनों से आगे की यात्रा करने में परेशानी न हो, इसके लिए मल्टी-मोडल इंटीग्रेशन की व्यवस्था की जा रही है।
साइकिल ट्रैक और चौड़े फुटपाथ भी बनाए जा रहे
मेट्रो परियोजना के साथ सड़क यातायात को बेहतर बनाने और पैदल चलने वालों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया गया है। इसके तहत अलग साइकिल ट्रैक, चौड़े फुटपाथ, पैदल यात्रियों के लिए क्रॉसिंग और फुट ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। डॉ. अभिजीत चौधरी के मुताबिक, इस मेट्रो लाइन से खासकर हिंजवडी इलाके में ट्रैफिक जाम कम करने में काफी मदद मिलेगी।



