उत्तर प्रदेशराज्‍य

सीतापुर में मां-बेटी जिंदा जलीं, 7 साल की बच्ची झुलसी, आंधी-तूफान के बीच घर में लगी आग

यूपी के सीतापुर में आज (शनिवार को) खाना बनाते समय एक घर में आग लग गई। अचानक बदले मौसम के कारण चलती तेज हवाओं की वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस आग की चपेट में आकर मां-बेटी की मौत हो गई। दोनों जिंदा ही आग में जल गईं, जबकि सात साल की मासूम भतीजी झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

आग की जद में आए करीब 15 घर

बता दें कि आग की तेज लपटों ने 15 घरों को अपनी जद में ले लिया। भीषण अग्निकांड के बाद गांव में हाहाकार मच गया। लोगों ने हैंडपंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तेज हवाओं के कारण आग भीषण हो चुकी थी। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने आग को बुझा दिया।

अग्निकांड में लाखों की संपत्ति स्वाहा

इस अग्निकांड में 15 घरों की लाखों रुपयों की संपत्ति जल गई। पुलिस ने झुलसी मासूम बच्ची को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन किया। वहीं, बीजेपी विधायक आशा मौर्या ने पीड़ितों को हर संभव मदद दिलाए जाने का आश्वासन दिया।

चूल्हे पर खाना बनाते वक्त घर में लगी आग

जान लें कि यह अग्निकांड सदरपुर थाना क्षेत्र के सरैया चलाकापुर में हुआ। इसी गांव के रहने वाले राजाराम के घर शनिवार  देर शाम खाना बनाया जा रहा था, तभी अचानक बदले मौसम के चलते तेज हवाएं चलने लगीं। तेज हवा के कारण चूल्हे से उठी एक छोटी सी चिंगारी घर में आग का कारण बनी। देखते ही देखते आग विकराल हो गई और पूरा घर आग का गोला बन गया।

आग में जिंदा जले मां और बेटी

बाराबंकी के बड्डूपुर की रहने वालीं 75 साल की इंदुरा और उनकी 55 साल की बेटी फूलमती की आग में जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में हाहाकार मच गया। वहीं, तेज हवाओं ने देखते ही देखते आसपास के करीब 15 घरों को अपने आगोश में ले लिया। आग की तेज लपटे घरों से निकलने लगीं। आग की तेज लपटों के कारण ग्रामीण केवल तमाशबीन बने रहे। हालांकि, कुछ ग्रामीणों ने हैंडपंप से आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण तेज लपटों के सामने बेबस नजर आए।

गंभीर रूप से झुलसी 7 साल की मासूम

इस अग्निकांड में 7 साल की मासूम बच्ची माही गंभीर रूप से झुलस गई। बताते हैं कि इसी बीच तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से घरों में लगी आग बुझ गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस ने आग में झुलसी बच्ची माही को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button