ग्रेटर नोएडा वेस्ट: अजनारा होम्स सोसायटी में बड़ा हादसा टला, 6वीं मंजिल से कार पर गिरा प्लस्तर का मलबा

सुरेश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ‘अजनारा होम्स सोसायटी’ में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। सोसायटी के A टावर की छठवीं मंजिल से अचानक भारी मलबा (प्लास्टर) नीचे से गुजर रही एक चलती कार पर जा गिरा। घटना शुक्रवार रात करीब 9:50 बजे की बताई जा रही है।
गनीमत यह रही कि मलबा कार पर गिरा, अन्यथा पास में ही मौजूद महिलाएं और बच्चे इसकी चपेट में आ सकते थे। इस घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में बिल्डर और प्राधिकरण के खिलाफ भारी आक्रोश है।
टला बड़ा हादसा: पास में ही टहल रहे थे बच्चे और महिलाएं
सोसायटी निवासी दिनकर पांडे ने बताया कि जिस समय छठवीं मंजिल से मलबा नीचे गिरा, ठीक उसी जगह 3 से 4 महिलाएं बैठी हुई थीं और पास में ही कुछ छोटे बच्चे टहल रहे थे। यदि मलबा सीधी राह पर चल रहे लोगों पर गिरता तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना का वीडियो बनाकर सोसायटी के लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है और इमारत की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
बिल्डर और प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप
सोसायटी के लोगों का आरोप है कि अजनारा होम्स में इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
-
अधर में लटका स्ट्रक्चरल ऑडिट: निवासियों के अनुसार, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को वर्ष 2025 में ही बिल्डिंग के स्ट्रक्चरल ऑडिट (Structural Audit) का आदेश दिया गया था, जो आज तक लंबित पड़ा है।
-
अनदेखी का आरोप: निवासियों का कहना है कि सैकड़ों परिवार इस सोसायटी में रहते हैं, लेकिन लगातार हो रहे हादसों के बावजूद न तो बिल्डर ध्यान दे रहा है और न ही प्राधिकरण कोई कार्रवाई कर रहा है।
निवासियों ने उठाई जांच और कार्रवाई की मांग
बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से सहमे निवासियों ने जिम्मेदार अधिकारियों और सोसायटी प्रबंधन से भवन की तत्काल सुरक्षा जांच (Safety Inspection) कराने और भविष्य में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।



