एनसीआरग्रेटर नोएडानोएडा

ग्रेटर नोएडा में LPG संकट: बिना बुकिंग सिलेंडर देने से इनकार, क्या है समाधान और तरीके?

ग्रेटर नोएडा में एलपीजी गैस को लेकर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि जिले में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। भारत गैस, एचपी गैस और इंडेन गैस की ओर से उपभोक्ताओं को लगातार अच्छी गुणवत्ता वाले एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

हालांकि कुछ स्थानों पर ऐसे मामले सामने आए हैं जहां उपभोक्ता बिना गैस बुकिंग किए सीधे सिलेंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों द्वारा सिलेंडर देने से मना किया जा रहा है, क्योंकि गैस वितरण केवल बुकिंग के आधार पर ही किया जा रहा है।

सर्वर पर दबाव के कारण आ रही हैं बुकिंग में दिक्कतें

जिला आपूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ उपभोक्ताओं की ओर से गैस बुकिंग में दिक्कतों की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने बताया कि यह समस्या मुख्य रूप से सर्वर पर अत्यधिक दबाव बढ़ने के कारण हो रही है।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग एक साथ बुकिंग करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे तकनीकी समस्या सामने आ रही है। लेकिन इससे गैस की उपलब्धता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है।

उपभोक्ताओं से घबराने की जरूरत नहीं

जिला आपूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न आएं और घबराने की आवश्यकता नहीं है। गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ता एलपीजी सिलेंडर बुक करने के लिए कई माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं।

इन माध्यमों से कर सकते हैं गैस बुकिंग

उपभोक्ता एलपीजी कंपनियों के व्हाट्सएप नंबर, आईवीआरएस नंबर, कंपनी के मोबाइल ऐप, आधिकारिक पोर्टल, मिस्ड कॉल सेवा सहित कुल छह अलग-अलग माध्यमों के जरिए आसानी से गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं।

इन विकल्पों के माध्यम से बुकिंग करने पर उपभोक्ताओं को निर्धारित समय में सिलेंडर की डिलीवरी दी जाएगी।

देर शाम या रात में करें बुकिंग

जिला आपूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि यदि दिन के समय सर्वर पर अधिक दबाव के कारण बुकिंग में परेशानी हो रही है तो वे देर शाम या रात के समय गैस बुकिंग करने का प्रयास करें।

इस समय सर्वर पर कम ट्रैफिक होने के कारण बुकिंग प्रक्रिया अधिक आसान और तेज हो जाती है।

कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रशासन की नजर

जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित प्रशासनिक टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रूप से निगरानी कर रही हैं। ये टीमें गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चला रही हैं।

फिलहाल किसी भी बड़ी अनियमितता या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button