अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

मुठभेड़ में दबोचा विनय हत्याकांड का आरोपी हिस्ट्रीशीटर, 10 से ज्यादा मुकदमे दर्ज; नोएडा पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

ग्रेटर नोएडा में चर्चित विनय हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे एक हिस्ट्रीशीटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई कासना और ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस ने स्वाट टीम के साथ संयुक्त रूप से अंजाम दी। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।

गांव में दिनदहाड़े हुई थी हत्या

शनिवार शाम लुक्सर गांव में विनय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। परिजनों ने गांव के ही नितिन पर हत्या का आरोप लगाते हुए पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। दर्ज एफआईआर में सुंदर नागर का नाम भी शामिल था, जिस पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया।

सात टीमों का गठन, ग्रीन बेल्ट में मुठभेड़

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी के निर्देश पर सात पुलिस टीमों का गठन किया गया। रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ओमीक्रॉन-1 ए की ग्रीन बेल्ट के पास मौजूद है। कासना, ईकोटेक-1 कोतवाली और स्वाट टीम ने संयुक्त घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल अवस्था में आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अवैध हथियार और बिना नंबर की कार बरामद

एडीसीपी अशोक कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में दस से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से एक बिना नंबर की कार और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर सुंदर नागर के इशारे पर नितिन और अन्य आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण रूप से खुलासा कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button