एनसीआरग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में फंसी लिफ्ट, आधे घंटे तक 6 लोगों की अटकी रहीं सांसें, ऐसे बची जान

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट से जुड़ी लापरवाहियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं दिख रहा है. ताजा मामला बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आस्था ग्रीन सोसाइटी का है, जहां क्लब हाउस की लिफ्ट अचानक खराब हो गई और उसमें एक महिला समेत 6 लोग करीब 30 से 40 मिनट तक फंसे रहे.

घटना रात करीब 10:30 बजे की है, जब सभी लोग क्लब हाउस के चौथे माले से नीचे आ रहे थे. इसी दौरान लिफ्ट तीसरे फ्लोर पर जाकर अचानक अटक गई और उसके दरवाजे नहीं खुले. फंसे हुए लोगों ने सभी बटन दबाकर प्रयास किया, लेकिन कोई बटन काम नहीं कर रहा था. इतना ही नहीं, अलार्म बटन दबाने के बावजूद कोई सहायता नहीं पहुंची.

पीड़ितों ने लापरवाही के खिलाफ थाने में दर्ज की शिकायत

घटना के बाद में इनमें से एक व्यक्ति ने अपने परिचितों को कॉल किया, जिसके बाद लोग मौके पर पहुंचे और मेंटेनेंस टीम को बुलाया गया. कड़ी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में लिफ्ट का दरवाज़ा खोला गया और लोग बाहर निकल पाए. पीड़ितों ने इस लापरवाही के खिलाफ बिसरख थाना में लिखित शिकायत दी है. उनका कहना है कि सोसाइटी में मोटी मेंटेनेंस फीस ली जाती है, लेकिन न तो लिफ्ट की समय पर जांच होती है और न ही कोई ऑपरेटर तैनात होता है.

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे सोसाइटी प्रशासन और बिल्डर की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं. लोगों ने बिल्डर और मेंटेनेंस विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. आस्था ग्रीन सोसाइटी की लिफ्ट में फंसे लोगों ने लापरवाही के मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने लोगों को भरोसा दिया है कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button