छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद, सड़क पर उतरे बंद समर्थक

गिरिडीह। JPSC-JSSC सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक के विरोध में रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपा की ओर से मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का गिरिडीह में भी व्यापक असर दिख रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक भाजपाई बंद को सफल बनाने के लिए मुस्तैद हैं।
महानगर जिला कमेटी की ओर से शहर में बंद को सफल बनाने के लिए विशाल जुलूस निकाला जाएगा। सभी भाजाई सुबह 9:30 बजे झंडा मैदान में एकजुट होंगे और वहां से जुलूस की शक्ल में पूरे शहर का भ्रमण कर बंद को सफल बनाएंगे।
इसके पूर्व भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर चुके हैं। वे विभिन्न चौक-चौराहों पर तैनात होकर बंद को सफल बनाने में जुटे हैं। बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है। कई निजी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही थम गई है।
महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन झारखंड सरकार उनकी मांगों को मानने के बजाय उन पर लाठियां बरसा रही है। इसी के विरोध में झारखंड बंद का आह्वान किया गया है।
बिरनी में भाजपाई मार्च निकालकर बाजार का भ्रमण कर रहे हैं। बिरनी प्रखंड कार्यालय के सामने सिमराढाब में रांची-देवघर-दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया है। इसके अलावा धनवार, जमुआ, बगोदर, सरिया, डुमरी, बेंगाबाद सहित अन्य जगहों पर सैकड़ों भाजपाई बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे हैं।



