
नई दिल्ली। पटियाला हाउस स्थित विशेष न्यायाधीश की अदालत ने अभिनेत्री Jacqueline Fernandez की उस अर्जी पर जवाब दाखिल करने के लिए ईडी को अतिरिक्त समय दे दिया है, जिसमें उन्होंने 200 करोड़ रुपये के मनी लाॅन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनने की अनुमति देने की मांग की है।
आठ मई को ईडी देगी अपना जवाब
विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने मामले की अगली सुनवाई आठ मई के लिए निर्धारित की है। इसी दिन ईडी को अब अपना जवाब देना होगा। अदालत ने इससे पहले 17 अप्रैल को जैकलीन की ओर से दायर आवेदन पर ईडी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
सोमवार को सुनवाई के दौरान ईडी ने समय की मांग की थी। बता दें कि जांच के दौरान कई बार समन मिलने के बाद ईडी ने पहली बार जैकलीन फर्नांडिस को पूरक आरोपपत्र में आरोपित बनाया था।
महाठग सुकेश है मुख्य आरोपी
इस मामले में ठग सुकेश चंद्रशेखर मुख्य आरोपित है, जिस पर रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटरों शिविंदर सिंह और मलविंदर सिंह की पत्नियों से करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में मकोका के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, चंद्रशेखर और उनकी पत्नी लीना पालोज ने हवाला मार्ग और शेल कंपनियों के जरिए अवैध धन को इधर-उधर किया। इस मामले में देशभर में अन्य जांच भी जारी हैं।



