अंतर्राष्ट्रीय

‘अगर इस्लामाबाद में डील हुई, तो मैं पाकिस्तान जा सकता हूं’, अमेरिका-ईरान वार्ता पर बोले ट्रंप

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता इस्लामाबाद में हो जाता है, तो वे पाकिस्तान का दौरा कर सकते हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान के साथ चल रही राजनयिक वार्ता के बीच इस बयान से इस्लामाबाद की मध्यस्थ भूमिका को और मजबूती मिली है।

लास वेगास जाते समय व्हाइट हाउस में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में ट्रंप ने कहा कि हां, मैं पाकिस्तान जाऊंगा। अगर इस्लामाबाद में समझौता हो जाता है, तो मैं जा सकता हूँ। वे चाहते हैं कि मैं जाऊं।

राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका-ईरान वार्ता को सुगम बनाने में पाकिस्तान की भूमिका पर बात की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी मध्यस्थों का योगदान बेहद सराहनीय और रचनात्मक रहा है। ट्रंप ने पाकिस्तान के फील्ड मार्शल (सेना प्रमुख) की भी प्रशंसा की और कहा कि उनकी वजह से पाकिस्तान में बातचीत की संभावना बढ़ी है।

ट्रंप ने ईरान के साथ चल रही बातचीत पर आशा जताते हुए कहा कि मुझे लगता है कि हमारी बातचीत इस समय बहुत सफल चल रही है। अगर यह सफल होता है, तो इसकी घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी।

उन्होंने संकेत दिया कि समझौते से अमेरिका को मुफ्त तेल और होर्मुज जलडमरूमध्य का मुक्त रास्ता मिल सकता है, जिससे वैश्विक तेल की कीमतें और कम हो जाएंगी।

ऊर्जा कीमतों पर बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में गैस की कीमतों में काफी गिरावट आई है। उन्होंने मुद्रास्फीति को लेकर भी अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि वे अमेरिका में मुद्रास्फीति को बहुत कम स्तर पर लाएंगे।

यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया संघर्ष को समाप्त करने के लिए पाकिस्तान में अप्रत्यक्ष और प्रत्यक्ष वार्ताएं चल रही हैं। पाकिस्तान ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता की है और इस्लामाबाद को वार्ता स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button