अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

मथुरा में डबल मर्डर से हड़कंप; छोटे भाई ने बड़े भाई और भतीजी की चाकू गोदकर की हत्या

यूपी के मथुरा में घरेलू कलह में बड़ी वारदात हो गई। मथुरा के थाना गोविंदनगर के अंतर्गत श्रीकृष्ण जन्मस्थान गेट नम्बर तीन के पास कटरा केशव देव निवासी युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते चाकू से गोदकर भाई और भतीजी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

मथुरा के कटरा केशव देव, मल्लपुरा में खिल्लन और संजय समेत पांच भाई रहते हैं। बताते हैं कि खिल्लन और संजय में मकान को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों में विवाद हो गया। इस दौरान अन्य परिजनों ने दोनों को शांत कराया और खिल्लन घर से बाहर चला गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद उसने घर आकर संजय पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। उसकी चीख सुन उसकी 18 वर्षीय बेटी अंजलि ने पिता को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने भतीजी पर भी प्रहार कर दिये। इनकी चीखपुकार सुन आसपास के लोगों में अफरा तफरी मच गयी। पड़ोसियों को घर की ओर आता देख खिल्लन भाग गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर घायलों को उपचार के लिये अस्पताल भिजवाया। सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि केडी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान रात करीब 11 बजे अंजलि की मौत हो गयी, जबकि संजय की हालत चिंताजनक होने पर उसे मेट्रो फरीदाबाद रेफर कर दिया। संजय की शनिवार तड़के करीब चार बजे उपचार के दौरान मौत हो गयी। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिये हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं हत्यारोपी की तलाश में पुलिस टीमें संभावित स्थलों पर तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button