अंतर्राष्ट्रीय

पवित्र मक्का शहर के एयरस्पेस में घुसा हूती ड्रोन, सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दी कड़ी चेतावनी

सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच चल रहे युद्ध ने नया मोड़ ले लिया है. हूती विद्रोहियों ने मुसलमानों के सबसे पवित्र शहर मक्का के करीब हमले किए हैं. उन्होंने ड्रोन से निशाना बनाने की कोशिश की है. ऐसा पहली बार हुआ है जब कोई ड्रोन मक्का के बेहद करीब पहुंच गया. हालांकि सऊदी प्रशासन ने दावा किया है कि ड्रोन को तुरंत मार गिराया गया. इसकी वजह से किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है. ड्रोन अटैक की कोशिश केबाद स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया.

सऊदी सिविल डिफेंस ने ड्रोन अटैक की कोशिश के बाद बयान जारी किया है. उसने कहा, ‘खतरे को देखते हुए मक्का शहर में चेतावनी जारी की गई है. सभी से अपील है कि वे बताए गए सभी निर्देशों को मानें. शांति रहें और निर्देशों का पालन करें. हमले की स्थिति में आसपास की सुरक्षित जगह पर चले जाएं. जब तक खतरा टले न तब तक बाहर नहीं आएं. अपने घरों या बिल्डिगों से बाहर नहीं आएं.’

500 लोगों की मौत की खबर

यमन में हूती विद्रोहियों ने सऊदी समर्थित बलों के खिलाफ लड़ाई का वीडियो जारी किया, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. हालिया संघर्ष में करीब 500 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि 3 से 9 सितंबर के बीच 43 बच्चों के मारे या घायल होने की बात सामने आई है.

94 हजार लोगों ने छोड़ा घर

संघर्ष बढ़ने के बाद यमन में करीब 94 हजार लोग अपने घर छोड़ चुके हैं और 2 हजार से अधिक लोग समुद्र के रास्ते जिबूती पहुंचे हैं. बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में जहाजरानी को भी खतरा बढ़ गया है, जिससे क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित होने की आशंका है. बढ़ती हिंसा के बीच यमन के दोबारा लंबे गृहयुद्ध की ओर लौटने की आशंका गहराती जा रही है.

मक्का पर पहले भी हो चुकी है हमले की कोशिश

सऊदी और हूती विद्रोहियों के बीच इससे पहले भी युद्ध हो चुका है. हूती विद्रोहियों ने 2017 में मिसाइल अटैक किया था. इस दौरान मक्का शहर से काफी दूरी पर हमले की कोशिश हुई थी. वहीं रियाद को भी निशाना बनाया गया था.

बता दें कि सऊदी प्रशासन ने दावा किया है कि मक्का शहर की तरफ आ रहे ड्रोन को मार गिराया है. हालांकि इस हमले की कोशिश के बाद शहर को अलर्ट पर रखा गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button