मनोरंजनसिनेमा

हनी सिंह और रैपर बादशाह के गानों पर गिरी गाज, दिल्ली HC ने लगाई फटकार, ‘Volume 1 गाने पर लगाया बैन

दिल्ली हाई कोर्ट ने एक अहम आदेश देते हुए मशहूर रैपर्स हनी सिंह और बादशाह के विवादित गाने वॉल्यूम 1 को सभी डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से पूरी तरह हटाने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने साफ कहा कि इस गाने का कोई भी हिस्सा, क्लिप या इसके बोल इंटरनेट पर कहीं भी उपलब्ध नहीं होने चाहिए. मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस पुष्पेंद्र कुमार ने केंद्र सरकार, सोशल मीडिया कंपनियों और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स को आदेश दिया कि वे तुरंत इस गाने को ब्लॉक करें और सुनिश्चित करें कि ये किसी भी रूप में ऑनलाइन उपलब्ध न रहे.

दिल्ली हाई कोर्ट ने जताई कड़ी नाराजगी

दिल्ली हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि उसने अपने चैंबर में इस गाने को सुना और ये उन बेहद दुर्लभ मामलों में से है, जहां कोर्ट की अंतरात्मा तक झकझोर दी गई. अदालत के मुताबिक इस गाने के बोल अश्लील हैं, महिलाओं के प्रति बेहद अपमानजनक हैं और इनमें कोई कलात्मक या सामाजिक मूल्य नहीं है.

दिल्ली हाई कोर्ट ने अपने आदेश में क्या कहा?

किसी भी सभ्य समाज में ऐसा कंटेंट डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती. इसके बोल महिलाओं को वस्तु की तरह पेश करते हैं और उन्हें उपहास व यौन संतुष्टि की चीज के रूप में दिखाते हैं. अदालत ने ये भी कहा कि हाल ही में एक कॉन्सर्ट में हनी सिंह ने इस गाने की कुछ लाइनें गाई थीं, जिसके बाद इस पर फिर से विवाद खड़ा हो गया. इसी वजह से अदालत ने मामले को गंभीरता से लिया.

सोशल मीडिया से तुरंत हटाने के निर्देश

दिल्ली हाई कोर्ट ने ये भी कहा कि जिस भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ये गाना उपलब्ध है, उसे तुरंत हटाया जाए. यहां तक कि गाने के छोटे-छोटे हिस्से या रीमिक्स भी इंटरनेट पर नहीं रहने चाहिए. इसके साथ ही अदालत ने हनी सिंह और बादशाह को नोटिस जारी कर उन्हें भी निर्देश दिया कि वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स और अन्य प्लेटफॉर्म से ये गाना हटाएं.

किसने दायर की थी याचिका

ये मामला एक संगठन हिन्दू शक्ति दल की याचिका पर कोर्ट में पहुंचा था. संगठन का कहना था कि ये गाना महिलाओं के लिए बेहद अपमानजनक है और इसे सार्वजनिक प्लेटफॉर्म से हटाया जाना चाहिए. कोर्ट ने याचिकाकर्ता को ये भी अनुमति दी कि यदि भविष्य में किसी प्लेटफॉर्म पर इस गाने से जुड़ा कोई नया लिंक या वीडियो सामने आता है तो उसकी जानकारी सरकार और सोशल मीडिया कंपनियों को दी जा सकती है. इसके बाद संबंधित प्राधिकरण तुरंत उसे ब्लॉक करेंगे.

करीब 20 साल पुराना है गाना

Volume-1 लगभग दो दशक पहले रिलीज हुआ था. उस समय ये गाना काफी लोकप्रिय हुआ था लेकिन इसके बोलों को लेकर भारी विवाद भी हुआ था. कई जगह विरोध प्रदर्शन हुए और इसके खिलाफ कानूनी शिकायतें भी दर्ज की गई थीं.

हनी सिंह और बादशाह के बीच विवाद

ये गाना उस समय के मशहूर म्यूजिक ग्रुप माफिया मुंडीर से भी जुड़ा रहा है. बाद में बादशाह और हनी सिंह के बीच इस गाने को लेकर विवाद भी सामने आया था. बादशाह ने आरोप लगाया था कि हनी सिंह ने सहयोगियों को पीछे कर दिया और सारा श्रेय खुद ले लिया. जबकि हनी सिंह ने इन आरोपों को खारिज किया था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button