राष्ट्रीय

दिल्ली को मिली 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और 17 जन औषधि केंद्रों की सौगात, सीएम और मंत्रियों ने किया उद्घाटन

दिल्ली में अब 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनकर पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जिनकी शुरुआत आज से हो गई है। यह पहल दिल्ली में बीजेपी सरकार के उस वादे का हिस्सा है, जिसमें राजधानी के लोगों को एक ही छत के नीचे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई थी।

इन केंद्रों पर बच्चों के टीकाकरण, ब्लड टेस्ट और मातृत्व देखभाल जैसी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दिल्ली सरकार के कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तीस हजारी कोर्ट के पास स्थित एक आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। साथ ही दिल्ली के अन्य मंत्रियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में इन केंद्रों का शुभारंभ किया।

इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मरीजों को कुल 14 प्रकार के इनहाउस टेस्ट की सुविधा मिलेगी, वहीं 79 प्रकार के अतिरिक्त टेस्ट आउटसोर्सिंग के जरिए कराए जा सकेंगे। गर्भवती महिलाओं के इलाज और बच्चों के टीकाकरण की भी विशेष व्यवस्था की गई है। हर केंद्र पर एक मेडिकल ऑफिसर, एक नर्स, एक मल्टीपर्पज वर्कर और एक सफाईकर्मी की तैनाती की गई है।

ये केंद्र सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना सुबह 8:30 बजे से दोपहर 4:00 बजे तक खुलेंगे। शनिवार को कामकाज सुबह 8:30 से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा, जबकि रविवार को ये केंद्र बंद रहेंगे। यह कदम राजधानी की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button