अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में कॉल सेंटर में काम करने वाली युवती का शव संदिग्ध हालात में मिला, हत्या का शक

ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार सुबह बीटा-2 पार्क के पास एक कार के नीचे 27 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान दीपा निवासी पिपरी थाना महोकंठ, जिला महोबा वर्तमान निवासी सेक्टर बीटा-2 के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, युवती अपने छोटे भाई के साथ सेक्टर बीटा-2 में किराए के मकान में रहती थी। वह नोएडा के सेक्टर- 60 नोएडा स्थित एक कॉल सेंटर में पिछले एक वर्ष से कार्यरत थी। परिजनों के मुताबिक, दीपा प्रतिदिन की तरह रविवार को भी सुबह घर से नौकरी के लिए निकली थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी। देर रात भाई ने कई बार फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद सोमवार सुबह बीटा-2 पार्क के पास एक खड़ी कार के नीचे उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। शव कार के नीचे संदिग्ध अवस्था में मिला, जिससे प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का भी हो सकता है, वहीं अन्य पहलुओं से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।विज्ञापन

जानकारी के मुताबिक दीपा के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह परिवार की सबसे बड़ी संतान थी और अपने दो छोटे भाइयों की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। एक भाई आगरा में नौकरी करता है। जबकि दूसरा उसके साथ ही ग्रेटर नोएडा में रहता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे।

थाना प्रभारी बीटा-2 ने बताया कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि युवती किस परिस्थिति में पार्क के पास पहुंची और कार के नीचे उसका शव कैसे मिला। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन भी निकाली जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटना या किसी आपराधिक घटना सहित हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button