अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी हमले में 27 मामलों का वांछित बदमाश गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा: उत्‍तर प्रदेश के नोएडा में थाना ईकोटेक-3 पुलिस और होंडा सिटी कार सवार बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जलपुरा बिजली घर के पास हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान शातिर अंतर्राज्यीय बदमाश संजीव उर्फ सनी उर्फ रॉकी उर्फ ‘मौत’ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश संजीव के ऊपर नोएडा और अलीगढ़ के थानों में चोरी और लूट के 27 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, थाना ईकोटेक-3 पुलिस जलपुरा स्थित बिजली घर के पास शुक्रवार रात संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस टीम को एक होंडा सिटी कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। रास्ते में पानी भरा होने के कारण गाड़ी फंस गई। पुलिस टीम ने गाड़ी का पीछा किया। खुद को घिरा देख कर कार सवार बदमाश ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करनी शुरु कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।

हाथरस का रहने वाला है संजीव

घायल बदमाश की पहचान संजीव उर्फ सनी उर्फ रॉकी उर्फ मौत के रूप में हुई है। शातिर बदमाश हाथरस जिले के सासनी थाना क्षेत्र के तिलोटी गांव का रहने वाला है। उसके पास से चोरी की एक होंडा सिटी कार, सोने की चेन, दीवार घड़ी, कपड़े और एक मेकअप किट बरामद की है। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है।

लंबा है आपराधिक इतिहास: एडीसीपी सेन्ट्रल आरके गौतम

एडीसीपी सेन्ट्रल नोएडा आरके गौतम ने बताया कि पुलिस के हत्थे चढ़ा यह बदमाश पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। संजीव उर्फ मौत का आपराधिक इतिहास अत्यंत लंबा है। उस पर गौतमबुद्ध नगर और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं। सूरजपुर, ईकोटेक-3 और अलीगढ़ के कई थानों की पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी। वह एक शातिर चोर है। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button