अपराधएनसीआरग्रेटर नोएडा

छात्रा से दुर्व्यवहार करने पर VIT के प्रोफेसर और प्रिंसिपल पर केस दर्ज, बैड टच का आरोप लगाने पर की मारपीट

गौतमबुद्धनगर की दादरी पुलिस ने एक नामी कॉलेज की छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में एक टीचर को हिरासत में लिया है। बी.फार्मा की छात्रा का आरोप है कि प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान शिक्षक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा का कहना है कि जब उसने इसकी शिकायत कॉलेज के प्राचार्य से की तो उन्होंने मदद करने के बजाय उसे फेल करने और करियर बर्बाद करने की धमकी दी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें छात्रा ने न्याय नहीं मिलने पर जान देने की बात कही है।

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि दादरी थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर कॉलेज के दो सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एक टीचर को हिरासत में लिया गया है। कॉलेज में बीफार्मा चौथे वर्ष की छात्रा का आरोप है कि प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान विभाग के एक सदस्य ने उसका यौन उत्पीड़न किया और उसके साथ मारपीट भी की।

करियर बर्बाद करने की धमकी

प्रवक्ता के मुताबिक, छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसका एक दोस्त उसे बचाने आया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। छात्रा के मुताबिक, जब उसने घटना की जानकारी कॉलेज के प्राचार्य को दी तो उन्होंने उसकी बात नहीं सुनी और कथित रूप से उसे फेल करने और करियर बर्बाद करने की धमकी दी।

कॉलेज के बाहर प्रदर्शन

सोशल मीडिया पर छात्रा का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह टीचर और प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगा रही है। वीडियो में छात्रा काफी डरी हुई है। उसने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्महत्या कर लेगी। घटना से आक्रोशित समाजवादी छात्र सभा ने कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया। संगठन के जिला अध्यक्ष मोहित नागर ने शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई और छात्रा को न्याय दिलाने की मांग की। हालांकि कॉलेज प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई सफाई या आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button