अपराधउत्तर प्रदेशराज्‍य

’10 रुपये का बिस्किट का पैकेट कितने का है…’ वाले शादाब जकाती के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मेरठ के चर्चित यूट्यूबर शादाब जकाती एक बार फिर मुश्किल में पड़ गए हैं। नौचंदी थाना क्षेत्र के हापुड़ रोड पर रविवार को एक ज्वैलरी शोरूम के उद्घाटन के दौरान बिना अनुमति रोड शो निकालना सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को भारी पड़ गया। भीड़ और जाम की स्थिति बनने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्यक्रम रुकवाते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया।

शादाब जकाती अपने नए शोरूम का उद्घाटन कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बिना प्रशासनिक अनुमति के रोड शो का आयोजन कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उनके फैंस और स्थानीय लोग जुट गए। जिससे ब्रैंड स्क्वायर कॉम्प्लेक्स के पास अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। हालात ऐसे हो गए कि जाम की स्थिति बन गई। बताया गया कार्यक्रम में रिंकू सिंह की बहन के साथ-साथ अन्य सोशल मीडिया से जुड़े कई अन्य इंफ्लुएंसर भी पहुंचे थे।

वीडियो बनाने से ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई

बड़ी संख्या में लोग वीडियो बनाने लगे, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और भीड़ को हटाने का काम शुरू किया। पुलिस ने रोड शो को रुकवाया और यातायात को सामान्य कराया। जांच के दौरान यह सामने आया कि इस आयोजन के लिए न तो जिला प्रशासन से और न ही पुलिस से कोई अनुमति ली गई थी। इसके बाद पुलिस ने शादाब जकाती मुकदमा दर्ज कर लिया।

जाम में फंसे लोग, पुलिस को किया फोन

हापुड़ रोड पर रोड शो के चलते व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। गर्मी के कारण जाम में फंसे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ते देख लोगों ने पुलिस महकमे को फोन करना शुरू कर दिया। सबसे पहले डायल 112 पर शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद कई लोगों ने संबंधित थाने, सीओ और एसपी सिटी को भी फोन कर अव्यवस्था की जानकारी दी। शिकायतों के बाद पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई।

दस रुपये से हुए वायरल, कुछ समय से विवादों में शादाब

शादाब जकाती सोशल मीडिया पर अपने वायरल वीडियो 10 रुपए का बिस्कुट कितने का है जी से लोकप्रिय हुए थे। सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी के दौरान वीडियो बनाना शुरू करने वाले शादाब आज लाखों फॉलोअर्स के साथ एक चर्चित नाम बन चुके हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय से वे लगातार विवादों में भी घिरे रहे हैं। शादाब पर अश्लील वीडियो कंटेंट बनाने का आरोप लगाया था। जिस वीडियो को लेकर विवाद हुआ था। 27 नवंबर, 2025 को मेरठ पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। इसके अलावा भी कुछ समय-समय पर विवाद होते रहे।

मेरठ एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया, डायल 112 के साथ पुलिस पर लोगों द्वारा शिकायत दर्ज की गई। इंफ्लुएंसर द्वारा बिना अनुमति रोड शो के कारण काफी खराब व्यवस्था हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था को दुरुस्त किया। इंफ्लुएंसर पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button