उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्‍य

यूपी के 1.77 लाख बूथों पर लाभार्थियों के घर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएगी भाजपा, सीएम योगी ने दिया कार्यक्रमों का मंत्र

भाजपा सेवा संकल्प अभियान के जरिए यूपी में चुनावी रिहर्सल करेगी। पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्तूबर के बीच घर-घर जाएगी। हर लाभार्थी तक पहुंचेगी। सरकार के काम गिनाएगी। मौका होगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल का कार्यकाल पूरा करने पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान का। इस दौरान 13 प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर बूथ पर पीएम के लिए आशीर्वाद का दिया जलेगा। कार्यक्रमों के केंद्र में जेन अल्फा और जेन-जी रहेंगे।

युवाओं को बताएं पहले और अब का फर्क: पंकज

अभियान को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया गया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की उपलब्धियों को गिनाना नहीं, बल्कि इन उपलब्धियों से आम नागरिकों के जीवन में आए परिवर्तन की कहानियों को समाज के सामने रखना है। चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता युवाओं से संवाद करें कि जिस भारत और उत्तर प्रदेश को वे आज देख रहे हैं, वह पहले ऐसा नहीं था। हम युवाओं के बीच ‘तब और अब’ की तुलना के माध्यम से बिजली, सड़क, कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी, निवेश, रोजगार, स्टार्टअप और विकास के क्षेत्र में हुए बदलावों को सामने रखें। चौधरी ने कहा कि अभियान के तहत प्रदेश में वर्ष 2017 से पहले और वर्तमान स्थिति के बीच हुए बदलावों को भी जनता के सामने रखा जाएगा।

पीएम ने हर वर्ग को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा: केशव

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण के अद्वितीय उदाहरण हैं। उनका नेतृत्व प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य हुआ है। आज देश का आम नागरिक स्वयं को विकास की प्रक्रिया का सहभागी महसूस कर रहा है। प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को धरातल पर उतारकर देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन किया है।

प्रधानमंत्री ने विकास को आंकड़ों तक सीमित नहीं रखा: ब्रजेश

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश और समाज की सेवा के प्रति उनके अदम्य संकल्प, कठोर परिश्रम और दूरदर्शी नेतृत्व के साक्षी हैं। उन्होंने अपने जीवन और कार्यों से यह सिद्ध किया है कि स्पष्ट नीयत, मजबूत इच्छाशक्ति और जनसेवा के संकल्प से बड़े से बड़ा परिवर्तन संभव है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर नई शक्ति और आत्मविश्वास के साथ खड़ा है। पाठक ने कहा कि गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक और समाज के प्रत्येक वर्ग को केंद्र में रखकर देश के विकास की योजनाएं बनाई और लागू की गई हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने विकास को केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे आम नागरिक के जीवन में प्रत्यक्ष परिवर्तन का माध्यम बनाया।

अधिकतम पहुंच और सहभागिता ही अभियान का उद्देश्य: धर्मपाल

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि अभियान के तहत हमें सेवा कार्यो के माध्यम से जनता के बीच पहुंचना है। अधिकतम पहुंच, अधिकतम सहभागिता, अधिकतम सेवा, और उसका प्रभावी क्रियान्वयन ही अभियान का उद्देश्य है। पहला कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दिया‘ है, जिसके माध्यम से सभी लाभार्थियों के घर पर आशीर्वाद का दिया जले। दूसरा कार्यक्रम ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा विगत 25 वर्षों की उपलब्धियों पर कालेज स्तर पर चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता होगी। अभियान के तहत नमो सेवा गाथा, नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति 2 अक्टूबर को प्रदेश के प्रमुख स्थानों आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंगन का उत्सव कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा दीदी और बच्चों की माताओं को आमंत्रित करके सम्मान समारोह आयोजित करना है।

गुजरात और वाराणसी में 250 बाइक के साथ निकलेगी यात्रा

सक्सेस स्टोरी कार्यक्रम के तहत सरकार की योजनाओं से जिन नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, उनकी सक्सेस स्टोरी की रील बनानी है। सेवा ज्योति यात्रा को जिला तथा गांव स्तर पर होगी। एक और यात्रा गुजरात में बडनगर और वाराणसी दोनों स्थानों से ढाई-ढाई सौ बाइक के साथ निकलेगी। गुजरात से जल लेकर काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे और काशी से गंगाजल लेकर बडनगर शिवमंदिर में जलाभिषेक करेंगे। धर्मपाल सिंह ने कहा कि सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत शिविर लगाकर सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का काम करना हैं। इनोवेशन चैलेंज, पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा का संदेश लेकर भाजपा जनसम्पर्क व जनसंवाद करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button