भाजपा के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते का 72 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन

नई दिल्ली: BJP के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते का निधन हो गया है। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। मिली जानकारी के मुताबिक, सीने में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
8 महीने पहले बीजेपी ने राज्यसभा भेजा, बेदाग छवि के नेता थे
करीब आठ महीने पहले ही बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। रामराव वडकुते की पहचान एक बेहद प्रखर, अनुभवी और बेदाग छवि वाले राजनेता के रूप में थी। राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते शेळी-मेंढी महासंघ के अध्यक्ष रह चुके थे। वह पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता थे और महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य भी रहे।
अक्टूबर 2019 में उन्होंने NCP छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। 2021 में उन्हें हिंगोली बीजेपी जिलाध्यक्ष बनाया गया। उन्होंने हिंगोली लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रमुख और प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाली। करीब आठ महीने पहले बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। उनकी पहचान महाराष्ट्र में धनगर समाज के प्रमुख नेता और एक बेदाग, निष्कलंक राजनेता के रूप में थी।
बीजेपी से राज्यसभा के पूर्व सांसद डॉक्टर विकास महात्मे ने किया पोस्ट
पूर्व सांसद डॉक्टर विकास महात्मे ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “भावपूर्ण श्रद्धांजलि! धनगर समुदाय के वरिष्ठ नेता और भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्यसभा सांसद, श्री रामराव-जी वाडकुटे के दुखद निधन का समाचार अत्यंत स्तब्ध करने वाला और पीड़ादायक है। उनका जाना न केवल धनगर समुदाय और सार्वजनिक जीवन के लिए एक बड़ी क्षति है, बल्कि व्यक्तिगत स्तर पर मैंने एक प्रिय मित्र और करीबी साथी को खो दिया है। यह तस्वीर उनके साथ बिताए गए सुखद पलों की याद दिलाती है। समुदाय के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शाश्वत शांति प्रदान करें और उनके परिवार एवं असंख्य प्रशंसकों को इस दुःख से उबरने की शक्ति दें। भावुक श्रद्धांजलि! धंगर समाज संघर्ष समिति”
MLC डॉक्टर प्रदन्य राजीव सातव ने पोस्ट कर लिखा, “आदरणीय रामराव-जी वदकुटे साहब के निधन की खबर अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करें और उनके परिवार तथा प्रियजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि!”
हाल ही में खबर सामने आई थी कि कांग्रेस के दिग्गज नेता फूल चन्द मुलाना का निधन हो गया है। उन्होंने हरियाणा में 2007 से 2014 तक पार्टी की कमान संभाली थी।



