यूपी में 2026 में 50 हजार युवाओं को मिली नौकरी…CM योगी बोले- स्किल्ड मैनपावर ही ताकत

यूपी में कौशल विकास मिशन के तहत 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें सात लाख से अधिक युवाओं को कैंपस सिलेक्शन के जरिए नौकरी मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में यह जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के प्रशिक्षण केंद्रों के टॉपर्स को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। यहां सबसे अधिक युवा निवास करते हैं। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्किल मिशन को तेजी से आगे बढ़ाया गया है। इसका परिणाम है कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के माध्यम से 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया और सात लाख से अधिक को कैंपस सिलेक्शन से नौकरी मिली।
प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत ढाई लाख विधार्थी ले रहे लाभ
मुख्यमत्री ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत ग्रामीण युवक-युवतियों को आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से 1.23 लाख से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार उपलब्ध कराने में मदद मिली है। वहीं, प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत प्रदेश के 1700 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में 2.50 लाख से अधिक विद्यार्थी कौशल विकास का लाभ ले रहे हैं। योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर 150 से अधिक आईटीआई में नए जमाने की तकनीक से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और थ्रीडी प्रिंटिंग जैसे विषय शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों से प्रशिक्षित 12 हजार से अधिक युवाओं को कैंपस सिलेक्शन के माध्यम से रोजगार मिला है।
रोजगार मेलों में 50 हजार को काम मिला
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 50 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिला है। इनमें 3400 से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि स्किल्ड मैनपावर ही विकसित भारत की आधारशिला है। स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। योगी ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एवं एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। यहां एक ही छत के नीचे युवाओं को प्रशिक्षण देने के साथ राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार की जरूरतों के अनुसार उद्योगों को कुशल कामगार उपलब्ध कराए जाएंगे।



