राष्ट्रीय

असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर क्रूज में PM मोदी का छात्रों से संवाद, ‘परीक्षा पे चर्चा’ को मिला नया स्वरूप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह ब्रह्मपुत्र नदी में एक क्रूज शिप पर सवार हुए। असम दौरे के दूसरे दिन ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान वे छात्रों से बातचीत कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में असम के अलग-अलग स्कूलों के कुल 25 छात्र हिस्सा ले रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मोदी तीन-डेक वाले ”M V Charaidew 2′ जहाज पर करीब 45 मिनट तक रहेंगे। प्रधानमंत्री जहाज के ऊपरी डेक पर छात्रों से बातचीत करते दिखे।

वह इनलैंड वाटर ट्रांसपोर्ट (IWT) के गुवाहाटी गेटवे टर्मिनल पर पहुंचे, जिसका उद्घाटन हाल ही में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने किया था। फिर वे वहां से फ्लोटिंग ब्रिज से होते हुए जहाज पर गए।अधिकारियों ने बताया कि पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और नदी पुलिस, NDRF और SDRF के जवान सुबह से ही नदी में गश्त कर रहे हैं। मोदी के दौरे के कारण शनिवार से दो दिनों के लिए ब्रह्मपुत्र नदी पर फेरी सेवाएं बंद कर दी गई हैं। ब्रह्मपुत्र नदी पर नौका सेवाएं दोपहर 12 बजे तक निलंबित रहेंगी।

मोदी का असम दौरा

मोदी रविवार को असम के अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन ‘परीक्षा पे चर्चा’ में तो भाग ले ही रहे हैं। वे असम आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि भी देंगे और नामरूप में अमोनिया-यूरिया संयंत्र की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री नामरूप में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद, प्रधानमंत्री 1979 में शुरू हुए असम आंदोलन के दौरान मारे गए 860 लोगों की स्मृति में बनाए गए नए शहीद स्मारक क्षेत्र का दौरा करेंगे और वहां श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

इसके साथ ही वह शहीदों की दीर्घा का भी अवलोकन करेंगे, जहां आंदोलन में जान गंवाने वाले 860 लोगों की प्रतिमाएं लगी हैं और प्रथम शहीद खर्गेश्वर तालुकदार की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद प्रधानमंत्री डिब्रूगढ़ रवाना होंगे और वहां से नामरूप जाएंगे, जहां वह 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अमोनिया-यूरिया उर्वरक संयंत्र का भूमि पूजन करेंगे। उन्होंने बताया कि यह परियोजना राज्य के विकास और प्रगति को महत्वपूर्ण गति प्रदान करेगी।

मोदी नई दिल्ली रवाना होने से पहले नामरूप में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, उन्होंने अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन शनिवार को गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया, राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री की 80 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया और एक जनसभा को संबोधित किया। इस सभा में उन्होंने अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के लिए माहौल तैयार किया।

प्रधानमंत्री ने शहर में एक रोड शो में भी भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button