व्यापार

US टैरिफ पर एक्सपोर्टर्स की सरकार से गुहार – प्रतिद्वंद्वी देशों से कम टैरिफ मिला तो पिछड़ जाएगा भारत; BTA में मांगी बराबरी

नई दिल्ली। अमेरिका की तरफ से 17 प्रतिशत शुल्क दर पर व्यापार समझौता करने के प्रस्ताव पर निर्यातकों ने कहा है कि सरकार को संतुलित और पारस्परिक समझौता करना चाहिए।

वहीं अमेरिका ने अधिक उत्पादन के नाम पर भारत पर जो 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है, उस पर रुख स्पष्ट करने के लिए जनवरी आखिर तक का समय दिया गया है।

यानी कि फरवरी से पहले अमेरिका में लगने वाले मौजूदा शुल्क व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है। दूसरी तरफ वाणिज्य व उद्योग मंत्रालय ने अमेरिका के इस आरोप से साफ इनकार किया है कि भारत में जरूरत से अधिक उत्पादन हो रहा है। अमेरिका के नए प्रस्ताव पर विचार करने के लिए भारत के पास दो माह का समय है। दोनों देशों के बीच पहले से ही द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत काफी आगे निकल चुकी है।

वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल व वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल कई बार यह कह चुके हैं कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर करीब-करीब सहमति बन चुकी है।

भारत हमेशा से यही कहता रहा है कि शुल्क को लेकर अमेरिका के बाजार में प्रतिद्वंद्वी देशों के मुकाबले बढ़त मिलती है तो भारत को व्यापार समझौता करने में कोई परेशानी नहीं है।

बुधवार को अमेरिका ने चीन, बांग्लादेश, वियतनाम, मलेशिया जैसे भारत के प्रतिद्वंद्वी देशों के साथ भारत के समक्ष जो प्रस्ताव रखा है, उसमें भारत की शुल्क दर अन्य देशों के मुकाबले कम है।

जानकारों का कहना है कि यह बढ़त एक-दो प्रतिशत की है, इसलिए भारत अब आगे की बातचीत में अमेरिका पर 17 प्रतिशत के शुल्क को और कम करने का दबाव डाल सकता है।

निर्यातकों का कहना है कि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा निर्यात बाजार है और सालाना यहां 88 अरब डालर का निर्यात किया जाता है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाइजेशंस (फियो) के अध्यक्ष एस.सी. रल्हन ने बताया कि फियो अमेरिका के साथ भारत के व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने के सरकार के प्रयासों का समर्थन करता है।

सरकार को यह ध्यान रखना चाहिए यह समझौता भारत के दीर्घकालिक आर्थिक हितों की रक्षा करे। निर्यातकों का कहना है कि पहले यह स्पष्ट हो जाना चाहिए कि समझौता होने के बाद जबरन श्रम के नाम पर या रूस से माल खरीदने के नाम पर अमेरिका फिर से शुल्क तो नहीं लगाएगा। वर्तमान में कई आइटम पर अति मामूली शुल्क लगता है, समझौते के बाद उन आइटम के शुल्क की क्या व्यवस्था होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button