
नोएडा। थाना फेस-2 पुलिस ने 20/21 नवंबर की देर रात NSEZ गंदा नाला पुस्ता रोड पर चेकिंग के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में लूट की घटना में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य उर्फ सन्नी उर्फ आदि और नसीम अली उर्फ रियाज के रूप में हुई है।
आरोपियों के कब्जे से *1.50 लाख रुपये नकद, लूटी गई चेन का एक टुकड़ा, दो तमंचे, कारतूस और घटना में इस्तेमाल चोरी की एक FZ मोटरसाइकिल* बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर 30 अक्टूबर को नया गांव के पास स्कूटी सवार दो लोगों से तमंचे के बल पर बैग और सोने की चेन लूटने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, बैग में करीब 1.75 लाख रुपये थे।
पुलिस का कहना है कि गिरोह दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब गिरोह के फरार दो अन्य साथियों की तलाश और अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना फेस-2 पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की जांच जारी है।


