अंतर्राष्ट्रीय

नेपाल में लैंडिंग के समय दो हेलिकॉप्टर आपस में टकराए, एक भारतीय की मौत

नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में दो हेलिकॉप्टरों की टक्कर हो गई. इस हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया. दोनों हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतर रहे थे, तभी उनके पंखे आपस में टकरा गए.

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय आपस में टकरा गए. प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे टकराए हैं. हादसे के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.

सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी ने भी हादसे की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि, खुम्बु पासांगल्हामु के फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए.

हादसे में भारतीय नागरिक की मौत, न्यूजीलैंड का नागरिक घायल

पुलिस निरीक्षक मौसम तामांग ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला व्यक्ति विदेशी नागरिक था. मृतक का शव प्रभु हेलिकॉप्टर से लुक्ला लाया गया है. हादसे में घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए माउंटेन हेलिकॉप्टर से भेजा गया है. फिलहाल दुर्घटना के कारणों और इससे जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं.

इस  हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें हेलिपैड पर हेलिकॉप्टरों की गतिविधियां देखी जा सकती हैं. दोनों हेलिकॉप्टर लैंडिंग के दौरान आपस में टकरा गए. दोनों के पंखें आपस में टकराने से हेलिकॉप्टरों के परखच्चे उड़ गए.

नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान हो गई है. जिला प्रशासन के मुताबिक, मृतक 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू थे. हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है. वह भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक हैं. इस हादसे में फिस्टेल एयर के पायलट को भी मामूली चोट आई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button