उत्तर प्रदेशराज्‍य

पैतृक जमीन पर गोबर डालने को लेकर भिड़े भाई, दरांती-कुल्हाड़ी से हमला कर भाभी की हत्या

उत्तर प्रदेश के बांदा में पैतृक जमीन पर गोबर डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. जसपुरा थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव के फकीरा डेरा में शुक्रवार को आरोप है कि परिवार के ही लोगों ने एक दंपती और उनके बेटे पर कुल्हाड़ी व हसिया से हमला कर दिया. हमले में 45 वर्षीय गीता गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां देर शाम डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. गीता के पति राजबहादुर निषाद और 28 वर्षीय बेटा अनिल कुमार भी गंभीर रूप से घायल हैं.

दादी के नाम की जमीन पर गोबर डालने से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, बरेहटा गांव निवासी राजबहादुर निषाद के परिवार का पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. शुक्रवार सुबह उनका 11 वर्षीय बेटा दिव्यांश दादी के नाम दर्ज करीब तीन बिस्वा जमीन पर गोबर डालने गया था. आरोप है कि वहां राजबहादुर के छोटे भाई रामबहादुर ने उसे गोबर डालने से रोक दिया और गाली-गलौज की. इसके बाद दिव्यांश घर लौट आया.

बच्चों से मारपीट की सूचना पर खेत से घर लौटे

बताया गया कि दोपहर करीब एक बजे दिव्यांश अपनी 14 वर्षीय बहन खुशबू के साथ खेत की ओर जा रहा था. आरोप है कि रास्ते में रामबहादुर ने दोनों को रोककर मारपीट की. खुशबू ने फोन कर इसकी जानकारी अपने पिता को दी. उस समय राजबहादुर अपनी पत्नी गीता और बड़े बेटे अनिल कुमार के साथ खेत में काम कर रहे थे. बच्चों से मारपीट की जानकारी मिलने के बाद तीनों रामबहादुर के घर पहुंचे और घटना को लेकर उलाहना दिया.

कुल्हाड़ी और हसिया से हमला, तीन लोग घायल

आरोप है कि वहां रामबहादुर, उसकी पत्नी राधा, बड़े भाई शिवलोचन, उसकी पत्नी सखिया और बेटे राजू ने गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद धारदार हथियारों से राजबहादुर, गीता और अनिल पर हमला कर दिया गया. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. रिपोर्ट के मुताबिक गीता की पीठ के ऊपरी हिस्से में हसिया से वार किया गया, जबकि राजबहादुर और अनिल के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया.

अस्पताल में गीता की मौत

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया. जिला अस्पताल में देर शाम डॉक्टरों ने गीता को मृत घोषित कर दिया. राजबहादुर और अनिल का इलाज जारी है.

पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा

राजबहादुर की तहरीर पर जसपुरा थाने में रामबहादुर, उसकी पत्नी राधा, शिवलोचन, उसकी पत्नी सखिया और बेटे राजू के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है. यानी मामले में कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है.

रामबहादुर पुलिस की पकड़ में

पुलिस ने मामले में आरोपी रामबहादुर को पकड़ लिया है. वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. एहतियात के तौर पर पीड़ित परिवार के घर के बाहर पुलिस तैनात किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button