उत्तर प्रदेशराज्‍य

स्वाइन फ्लू को लेकर योगी सरकार अलर्ट, प्रदेश भर के अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश

उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू की स्थिति को लेकर राज्य सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के स्वास्थ्य विभाग, जिलाधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्वाइन फ्लू को लेकर लगातार निगरानी रखने और चिकित्सकीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, आवश्यक दवाएं, जांच किट, उपचार और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। सीएम योगी ने जिलाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में विशेष सतर्कता बरतने तथा स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने को कहा है। साथ ही स्वाइन फ्लू की स्थिति में किसी भी संभावित बदलाव की जानकारी तत्काल शासन में उच्च स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

जनता से अपील- लक्षण दिखें तो समय पर कराएं जांच

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज न करें। किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है। लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लें और आवश्यक जांच कराएं। समय पर जांच और उपचार से बीमारी के गंभीर प्रभावों को रोका जा सकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

स्वाइन फ्लू से लखनऊ में हुई थी महिला की मौत

स्वाइन फ्लू से पीड़ित लखनऊ के इंदिरानगर निवासी 50 वर्षीय महिला की गुरुवार को बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला को कुछ दिन पहले सर्दी-जुकाम, बुखार और सांस लेने में तकलीफ हुई थी। परिवारीजनों ने पहले निजी अस्पताल में इलाज कराया। लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद 25 अगस्त को उन्हें बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने लक्षणों को देखते हुए स्वाइन फ्लू की आशंका में जांच कराई। रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। अस्पताल में भर्ती होने के बाद महिला की सांस लेने में परेशानी लगातार बढ़ती गई।

मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया

मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। गाजियाबाद से लौटीं 42 वर्षीय पूजा शर्मा की जांच में स्वाइन फ्लू वायरस होने की पुष्टि हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि उक्त महिला को तेज बुखार, गले में खराश और शरीर में दर्द की शिकायत थी। मरीज को तत्काल निजी अस्पताल ‘एशियन विवेकानंद’ में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर और नियंत्रण में है। सिंह ने बताया कि संभावित खतरे से निपटने के लिए जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए 10 बिस्तर का विशेष वार्ड आरक्षित किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को कम से कम पांच-पांच बिस्तर आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button