
नोएडा: यूपी के नोएडा के थाना फेज 3 स्थित सेक्टर-66 मामूरा स्थित एक जूते की दुकान में देर रात अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. समय रहते आग बुझाए जाने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया, लेकिन लाखों का सामान जल कर खाक हो गया.
फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
मामूरा गांव स्थित जूते की दुकान में लगी भीषण आग पर काबू करने की कोशिश कर रहे दमकल कर्मियों ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि,
आग लगने की सूचना जैसे ही मिली. इसके अनुसार गली नंबर 5 जूते की दुकान में आग लगी थी. सूचना मिलते ही नजदीक के फायर स्टेशन से दमकल की तीन गाडियों को मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने तत्काल होज पाइप बिछाकर और पंपिंग शुरू कर आग पर चारों तरफ से पानी की बौछार की और उसे पूरी तरह बुझा दिया. फायर सर्विस यूनिट की मुस्तैदी से आग को आसपास की दुकानों व रिहायशी इमारतों में फैलने से रोक लिया गया. फायर डिपार्मेंट आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है.
बता दें कि बीते दिन भी नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 में ऐस सिटी के पास स्थित ‘द फिटनेस जिम’ में भीषण आग लगी थी. जिसमें फायर कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया था. जिम की दूसरी मंजिल पर आग लगी थी और अंदर धुआं भर जाने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं. दमकल कर्मियों ने BA सेट पहनकर छत पर फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था.



