एनसीआरनोएडा

नोएडा के भंगेल एलिवेटेड पर बनेगा क्लोवर लीफ, CM योगी ने 67.81 करोड़ की परियोजना का किया शिलान्यास

नोएडा के यातायात को और अधिक सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भंगेल एलिवेटेड रोड के पिलर नंबर-59 स्थित बरौला टी-प्वाइंट पर क्लोवर लीफ इंटरचेंज का शिलान्यास किया। करीब 67.81 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह इंटरचेंज एलिवेटेड रोड पर बीच से ही वाहनों के चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

स्थानीय लोगों को मिलेगा एलिवेटेड रोड का सीधा लाभ

सेक्टर-40 के आगाहपुर से लेकर सेक्टर-82 स्थित एनएसईजेड तक फैले लगभग 5.5 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले भंगेल एलिवेटेड रोड का निर्माण वर्ष 2020 में शुरू हुआ था। करीब 608 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को पिछले वर्ष नवंबर में आम जनता के लिए खोल दिया गया था।

हालांकि एलिवेटेड रोड के बीच में प्रवेश और निकास की व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास के हजारों लोगों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था। अब क्लोवर लीफ बनने के बाद यह समस्या समाप्त हो जाएगी और स्थानीय नागरिकों को सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

दो वर्षों में पूरा होगा निर्माण कार्य

नोएडा प्राधिकरण ने पहले एलिवेटेड रोड के मुख्य ढांचे का निर्माण पूरा किया और अब अतिरिक्त ट्रैफिक इंटरचेंज के निर्माण पर काम शुरू किया जा रहा है। इस क्लोवर लीफ को तैयार होने में लगभग दो वर्ष का समय लगेगा। इसके बनने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

लाखों लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

इस परियोजना से सेवन एक्स सेक्टर (74 से 79) की 49 आवासीय सोसायटियों में रहने वाले लगभग तीन लाख लोगों को राहत मिलेगी। वहीं 100 एक्स श्रेणी के सेक्टर 101, 104, 107, 119, 120 और 121 की 29 सोसायटियों में रहने वाले करीब एक लाख निवासी भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

इसके अलावा सेक्टर-42, 47, 48, 49 के साथ-साथ हाजीपुर, बरौला और सलारपुर गांव के लोगों की आवाजाही भी पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगी।

दादरी रोड और विश्वकर्मा रोड पर घटेगा ट्रैफिक दबाव

अब तक एलिवेटेड रोड पर बीच में प्रवेश और निकास का विकल्प नहीं होने के कारण वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता था, जिससे दादरी रोड और विश्वकर्मा रोड पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। क्लोवर लीफ इंटरचेंज तैयार होने के बाद वाहन चालक सीधे एलिवेटेड रोड पर चढ़ और उतर सकेंगे, जिससे ट्रैफिक का दबाव काफी कम होने की उम्मीद है।

लंबे समय से उठ रही थी स्थानीय लोगों की मांग

बरौला टी-प्वाइंट पर लूप या क्लोवर लीफ बनाने की मांग एलिवेटेड रोड के निर्माण के दौरान ही शुरू हो गई थी। स्थानीय निवासी लगातार इस सुविधा की आवश्यकता बता रहे थे। अब मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास किए जाने के बाद लोगों को उम्मीद है कि परियोजना तय समय सीमा में पूरी होगी।

स्थानीय लोगों ने जताई खुशी

नोफा अध्यक्ष पुनीत शर्मा का कहना है कि सेवन एक्स सेक्टरों में तीन लाख से अधिक लोग रहते हैं, लेकिन लूप की सुविधा नहीं होने से अधिकांश लोग एलिवेटेड रोड का उपयोग नहीं कर पा रहे थे। उनके अनुसार यह फैसला पूरी तरह जनहित में है।

सेक्टर-79 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू के निवासी बृजेश शर्मा ने कहा कि यह इंटरचेंज क्षेत्र की आवश्यकता था और उम्मीद है कि इसका निर्माण बिना किसी देरी के निर्धारित समय में पूरा होगा।

सेंचुरी अपार्टमेंट, सेक्टर-100 के निवासी पवन यादव का कहना है कि क्लोवर लीफ एलिवेटेड रोड के साथ ही बन जाना चाहिए था। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर प्राधिकरण को कई बार पत्र भी भेजे गए थे।

पंचशील प्रतिष्ठा, सेक्टर-75 के निवासी आशीष सिंघल के अनुसार भंगेल और बरौला क्षेत्र बड़े व्यावसायिक केंद्र हैं। ऐसे में इस इंटरचेंज के बनने से स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों सभी को लाभ मिलेगा।

सिविटेक स्टेडिया, सेक्टर-79 के निवासी दीपक गर्ग ने कहा कि किसी भी बड़ी परियोजना में लोगों की वास्तविक जरूरतों को शुरुआती चरण में ही शामिल किया जाना चाहिए। उनके अनुसार क्लोवर लीफ बनने के बाद ही भंगेल एलिवेटेड रोड का पूरा लाभ लोगों तक पहुंच सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button