ग्रेटर नोएडा में मोमोज खाने से 12 लोग बीमार, उल्टी-पेट दर्द और बुखार की शिकायत के बाद भर्ती

दिल्ली से सटे और एनसीआर इलाके में मौजूद ग्रेटर नोएडा के दादरी इलाके में मोमोज खाने से करीब एक दर्जन लोग बीमार पड़ गए. बताया जा रहा है कि नई आबादी क्षेत्र में एक परिवार और उनके रिश्तेदारों ने घर पर मंगवाए मोमोज खाए थे, जिसके बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई. मरीजों को उल्टी, पेट दर्द, सिर दर्द और बुखार जैसी शिकायतें होने पर तुरंत दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पीड़ित आरिफ के अनुसार, उनके घर पर बहन और अन्य रिश्तेदार आए हुए थे, इसी दौरान सभी ने एक ही दुकान से मोमोज मंगवाकर खाए. अगले ही दिन परिवार के करीब 10 लोगों की तबीयत खराब हो गई. मामले को गंभीर देखते हुए इसकी शिकायत प्रशासन और जिलाधिकारी से भी की गई है.
अस्पताल में भर्ती सैंडी ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से इलाज करा रहे हैं और बीमार होने से पहले उन्होंने भी वही मोमोज खाए थे. जानकारी के मुताबिक, दो अलग अलग परिवारों ने दादरी तहसील के पास स्थित एक ही दुकान से मोमोज खरीदे थे, जिसके बाद सभी लोगों की तबीयत बिगड़ी.
दादरी सरकारी अस्पताल के डॉक्टर काशिफ नदीम आलम ने बताया कि 10 से 12 मरीजों को भर्ती किया गया है, जिनमें फूड प्वाइजनिंग जैसे लक्षण पाए गए हैं. उन्होंने कहा कि सभी मरीजों को उल्टी, बुखार, सिर दर्द और पेट दर्द की शिकायत थी. फिलहाल सभी का इलाज जारी है और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है.
वहीं, इस मामले पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा है कि उन्हें मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है और टीम मौके पर जाकर जांच करेगी. प्रशासन अब इस बात की जांच में जुटा है कि मोमोज में किसी तरह की लापरवाही या मिलावट तो नहीं हुई थी.



