एनसीआरग्रेटर नोएडा

मां बनी सीमा हैदर, छठे बच्चे को दिया जन्म; सचिन मीणा के घर गूंजी बेटे की किलकारी

अपने प्यार की खातिर सरहद पार कर भारत आई पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर के घर खुशियों ने दस्तक दी है। मंगलवार सुबह सीमा ने ग्रेटर नोएडा के कृष्णा अस्पताल में एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घर पहुंचते ही बंटे लड्डू और गुड़

बेटे के जन्म के बाद सीमा को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। रबूपुरा स्थित घर पहुंचने पर सचिन मीणा के परिवार और ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। इस खुशी के मौके पर परिवार द्वारा लड्डू और गुड़ वितरित कर जश्न मनाया गया। उल्लेखनीय है कि सचिन के साथ सीमा की यह दूसरी संतान है; इससे पहले 18 मार्च 2025 को सीमा ने बेटी ‘भारती’ को जन्म दिया था। अब सीमा कुल छह बच्चों की मां बन चुकी हैं।

पबजी से शुरू हुआ था ‘सरहद पार’ का इश्क

सीमा हैदर और रबूपुरा के सचिन मीणा की प्रेम कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। दोनों के बीच मोबाइल गेम पबजी (PUBG) खेलने के दौरान जान-पहचान हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। अपने प्यार को पाने के लिए सीमा अपने पहले पति गुलाम हैदर को छोड़कर चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थीं। दोनों ने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की और तब से वे रबूपुरा कस्बे में एक साथ रह रहे हैं।

सनातन धर्म और नए नाम

भारत आने के बाद सीमा हैदर ने सनातन धर्म अपना लिया था। उन्होंने न केवल अपना पहनावा बदला, बल्कि अपने साथ आए चारों बच्चों के नाम भी बदल दिए। फरहान अली अब ‘राज’ के नाम से जाना जाता है। तीनों बेटियों फरिहा, फरहा और बतूल के नाम बदलकर परी, मुन्नी और प्रियंका रख दिए गए।

कानूनी पचड़ा अब भी बरकरार

खुशियों के बीच सीमा हैदर की कानूनी मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। बिना वीजा और अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत आने के कारण उन पर मुकदमा दर्ज है। फिलहाल यह मामला अदालत में विचाराधीन है और सुरक्षा एजेंसियां भी समय-समय पर मामले की निगरानी करती रहती हैं। इसके बावजूद, सीमा और सचिन सोशल मीडिया पर खासे सक्रिय हैं और अक्सर अपनी निजी जिंदगी के वीडियो साझा करते रहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button