एनसीआरग्रेटर नोएडा

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियां तेज, डीएम ने की समीक्षा बैठक

ग्रेटर नोएडा में आगामी 25 से 29 सितंबर 2025 तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट के सभागार में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई. इस बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

डीएम मेधा रूपम ने बैठक की शुरुआत में कहा कि यह आयोजन केवल गौतमबुद्धनगर जिले का ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठा का विषय है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इसकी प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं, ऐसे में सभी विभागों को जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करना होगा.

डीएम ने यातायात और पार्किंग की सुचारु व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि विदेशी मेहमानों, व्यापारियों और आगंतुकों की सुविधा के लिए विशेष यातायात योजना तैयार की जाए. पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर वहां स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं और पर्याप्त पुलिस बल तैनात हो. बरसात की स्थिति में जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज और पंपिंग सिस्टम की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से की जाए.

परिवहन और आवास व्यवस्था

परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि मेट्रो, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से एक्सपो स्थल तक शटल बस सेवा उपलब्ध कराई जाए. साथ ही टैक्सी और ई-रिक्शा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. डीएम ने यह भी कहा कि होटल और गेस्ट हाउस निर्धारित दरों से अधिक शुल्क न लें. इसके लिए निगरानी टीमें लगातार निरीक्षण करेंगी और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी.

डीएम मेधा रूपम ने बताया कि ट्रेड शो में आने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराने के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. साथ ही प्रदेश के पारंपरिक व्यंजन और खानपान स्टॉल भी लगाए जाएंगे. आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल, प्रिंट मीडिया और होर्डिंग्स का सहारा लिया जाएगा.

सुरक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी सुविधाएं

बैठक में मोबाइल कंपनियों को नेटवर्क कनेक्टिविटी मजबूत करने और अतिरिक्त मोबाइल टावर लगाने के निर्देश दिए गए. स्वास्थ्य विभाग को आयोजन स्थल पर 24 घंटे मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया. विद्युत विभाग को शो के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और बैकअप व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश मिला, वहीं फायर विभाग को पूरे परिसर में अग्निशमन यंत्र, फायर टेंडर और आपातकालीन मार्ग सक्रिय रखने को कहा गया.

सफल आयोजन का संकल्प

अंत में डीएम ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक, आर्थिक और सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का सुनहरा अवसर है. इसे ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा.

बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा सौम्य श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट विवेक भदौरिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी और एक्सपो मार्ट प्रबंधन मौजूद रहे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button