एनसीआरनोएडा

नोएडा में 5 थानों को मिल गए नए प्रभारी, कानून व्यवस्था होगी मजबूत; देखें पूरी लिस्ट

नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में एक बार फिर जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए देर रात बड़ा फेरबदल किया गया है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में फेरबदल करते हुए कई थाना प्रभारियों को इधर से उधर किया गया है। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी आदेश के अनुसार, थाना दनकौर, थाना दादरी, थाना बिसरख, थाना फेस-3 और थाना जेवर एयरपोर्ट के प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह एक्शन पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर हुआ है।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता की तरफ से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, जिले के 5 महत्वपूर्ण थानों के प्रभारी निरीक्षकों का तत्काल प्रभाव से ट्रांसफर कर दिया गया है। इस फेरबदल वाली जारी लिस्ट में दादरी, बिसरख, दनकौर, जेवर एयरपोर्ट और फेस-3 जैसे बड़े थानों की कमान बदली गई है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के आदेश पर 5 थाना प्रभारियों के ट्रांसफर किए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, निरीक्षक मनोज कुमार सिंह को नोएडा के थाना फेस-3 (अस्थायी रूप) से हटाकर ग्रेटर नोएडा के थाना दनकौर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा को प्रभारी निरीक्षक एसओजी से प्रभारी निरीक्षक थाना दादरी, ग्रेटर नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई गई है। निरीक्षक मुनेन्द्र सिंह को प्रभारी निरीक्षक थाना दनकौर से ट्रांसफर कर प्रभारी निरीक्षक थाना बिसरख, सेन्ट्रल नोएडा बनाया गया है।

वहीं, निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा को प्रभारी निरीक्षक थाना बिसरख से ट्रांसफर कर प्रभारी निरीक्षक थाना जेवर एयरपोर्ट, ग्रेटर नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा निरीक्षक सुभाष चंद्र को पुलिस लाइन से नोएडा के थाना फेस-3 का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। इस फेरबदल को लेकर कमिश्नरेट के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button