अपराधएनसीआरनोएडा

नोएडा में कार सवार ने तीन सिक्योरिटी गार्डों को दौड़ा-दौड़ाकर डंडों से पीटा, गेट पर रोकने को लेकर हुई थी बहस

नोएडा। सेक्टर-108 के बाद एक हफ्ते के भीतर ही सेक्टर-116 के प्रवेश द्वार पर सुरक्षाकर्मियों की ओर से पूछताछ करने पर बदमाशों ने डंडे से मारा और दौड़ाकर पीटा। इस घटना के बाद अब गार्ड सेक्टरों की सुरक्षा करने के लिए काम पर आने से डर रहे हैं। निवासियों ने भी सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।

सेक्टर-116 के कार्यकारिणी सदस्य कोसिंदर यादव ने बताया कि घटना सोमवार की देर रात करीब सवा एक बजे गेट नंबर पांच की है। जहां करीब तीन गार्ड सुरक्षा में तैनात थे। उन्हें आरडब्ल्यूए की ओर से देर रात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संदिग्धों से पूछताछ करने के लिए कहा गया था। उसी का पालन करते हुए सुरक्षाकर्मियों ने सेक्टर की तरफ से आ रही एक कार के चालक को रोककर उससे पूछताछ की, इस बीच सिर्फ पूछताछ करने पर ही कार चालक ने अपने अन्य साथियों को बुलाया, जो लाठी डंडे लेकर पहुंचे, जिसके बाद वह सभी गार्डों पर हमलावर हो गए और लाठी डंडे से दौड़ा दौड़ाकर पीटा। पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों ने सेक्टर 113 थाने की पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सेक्टर-116 के गार्डों ने मारपीट की घटना के बाद से सेक्टर की सुरक्षा में तैनात होने से मना कर दिया है। सेक्टर-113 थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी के जरिए आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

​​​​​​​30 जून की रात सेक्टर-108 में सुरक्षाकर्मियों के साथ हुई थी मारपीट

सेक्टर-108 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने बताया कि इसी तरह की घटना उनके सेक्टर में 30 जून की रात हुई थी। तब सेक्टर से निकास के लिए गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ अराजक तत्वों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। हालांकि तब घटना के तुरंत बाद शिकायत मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया था लेकिन उस घटना के बाद से सेक्टरवासियों में सुरक्षा को लेकर संशय बना हुआ है।

कब और कहां हुईं इस तरह की घटनाएं
-6 अक्तूबर :
सेक्टर-36 में गार्ड पर गाड़ी चढ़ाई, जिससे पैर फ्रैक्चर हो गया, आरोपी पर अभी तक कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई।
-2 मई : सेक्टर-62 रजत विहार में वाहन चालक ने गेट पर लगे बूम बैरियर को तोड़ा, फिर गार्ड के साथ मारपीट की।
-3 मई : सेक्टर-53 के गेट पर कार सवार महिला ने सुरक्षाकर्मी के साथ बदसलूकी करते हुए धक्का दिया।
-30 जून : सेक्टर-108 में देर रात सेक्टर से बाहर जाने पर पूछताछ करने पर गार्ड के साथ मारपीट की गई।
कोट्स
हमने पुलिस को सूचना दी है, वह कार्रवाई कर रही है। सुरक्षा और मजबूत होनी चाहिए। -टीएस चौधरी, आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष, सेक्टर-116
हमारे सेक्टर में भी अक्सर यह होता है। पूछताछ करने पर लोग गार्ड से अभद्रता करते हैं। -संदीप जिंदल, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, सेक्टर-48 बीसीडी
हमारे सेक्टर में इसी हफ्ते गार्ड के साथ मारपीट हुई। अब गार्ड काम करने से मना भी करने लगे हैं। -कपिल सूरी, आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष, सेक्टर-108
हमारे सेक्टर का भी यही हाल है, सिर्फ पूछताछ करने पर ही कुछ लोग इतना हाइपर हो जाते हैं कि मारपीट करने लगते हैं। -एके मिश्रा, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, धवलगिरी अपार्टमेंट, सेक्टर-11

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button