
नोएडा: नोएडा सेक्टर-100 से एक बड़ी घटना सामने आई है. यहां एक नामी सोसायटी में एक महिला ने 18वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली, जिससे सोसायटी में हड़कंप मच गया. मृतक महिला की पहचान 46 वर्षीय पारुल अग्रवाल के तौर पर हुई है, जो सोसायटी में अपने परिवार के साथ रहती थीं. घटना की जानकारी मिलते नोएडा सेक्टर-39 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
नोएडा पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद नोएडा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का मुआयना करवाया है और सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस महिला के आत्महत्या के मामले में सभी एंगल से जांच में जुटी है. वहीं घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. यह घटना सुबह 9 बजकर 15 मिनट की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि महिला को गंभीर चोटें लगी थी. ऐसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
नोएडा पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है. लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की जांच और क्लीयर होगी. बताया जा रहा है कि महिला मानसिक तनाव में थी. हालांकि इसको लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. नोएडा पुलिस महिला के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है. जिसमें अहम जानकारी सामने आ सकती है. लेकिन अचानक महिला के 18वीं मंजिल से कूदने की वजह से सब हैरान रह गए.
महिला के पति से पूछताछ
नोएडा पुलिस महिला के पति पल्लव अग्रवाल से भी पूछताछ की है. जिसमें उन्होंने बताया कि पत्नी अवसाद और मानसिक तनाव का शिकार थी. हालांकि परिवार की तरफ से मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं हुई है. पारुल अग्रवाल की एक बेटी भी है. दोनों सोसायटी के 1803 फ्लैट में किराए से रहते थे. पति पल्लव अग्रवाल एक स्टॉक ब्रोकर हैं. मंगलवार की सुबह जब वह अपनी बेटी के साथ घर से बाहर गए हुए थे. तब यह घटना हुई है. सबसे पहले सोसायटी के गार्ड ने महिला को देखा था. जिसके बाद उसने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी थी. पुलिस इस मामले की छानबीन में जुट गई है.



