राष्ट्रीय

पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हुई बातचीत, आपसी सहयोग और ग्लोबल शांति व सुरक्षा को बढ़ावा देने की कोशिशों पर चर्चा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बातचीत हुई। खुद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इसकी जानकारी दी है। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ सार्थक बातचीत हुई। हमने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, अहम टेक्नोलॉजी और अन्य क्षेत्रों में अपने आपसी सहयोग की समीक्षा की।

पीएम मोदी ने बताया कि हम अपनी ‘व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ को आगे बढ़ाने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए। हमने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया, जिसमें वैश्विक शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए चल रहे प्रयास भी शामिल हैं।

G7 में पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात

गौरतलब है कि फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई थी। इस दौरान भारत-अमेरिका संबंधों, व्यापार और पश्चिम एशिया में शांति के प्रयासों पर चर्चा हुई थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान के साथ शांति समझौते के प्रयासों के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि पश्चिम एशिया में शांति की दिशा में हुई प्रगति से उम्मीद की नई किरण दिखाई दे रही है और उम्मीद है कि यह शांति बनी रहेगी।

होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखने पर जोर

पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के महत्व का भी जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि इस समुद्री मार्ग का खुला रहना पूरी दुनिया के लिए जरूरी है। इसका वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी बड़ा असर पड़ता है। प्रधानमंत्री ने भारतीय समुद्री जहाजों और उनमें काम करने वाले लोगों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया था। उन्होंने कहा था कि भारत के लाखों सी-फेरर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में काम करते हैं और वैश्विक व्यापार में योगदान देते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई थी कि ईरान के साथ हुए समझौते में समुद्री जहाजों और उनमें सवार लोगों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

भारत-अमेरिका संबंधों पर भी हुई थी बात

पीएम मोदी ने कहा था कि पिछले साल वाशिंगटन में हुई मुलाकात के बाद भारत और अमेरिका के रिश्तों में नई गति और ऊर्जा आई है। दोनों देश तय लक्ष्यों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बहुत अच्छी बातचीत हुई। उन्होंने कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर काम चल रहा है और दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग आगे बढ़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button