व्यापार

Nestle India को EPFO का हैरान करने वाला ऑर्डर, ₹36.36 लाख की डिमांड; क्या है वो 7 साल पुराना मामला?

नई दिल्ली। दिग्गज FMCG कंपनी नेस्ले इंडिया को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO ने बड़ा झटका दिया है। दरअसल, ईपीएफओ ने कंपनी को 36.36 लाख रुपये का एक नोटिस भेजा है। कंपनी ने इसकी जानकारी खुद एक्सचेंज फाइलिंग में दी।

नेस्ले इंडिया ने कहा कि इसमें 2012-2019 की अवधि के लिए हर्जाना और 20 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना शामिल है।

EPFO के किस दफ्तर से भेजा गया नोटिस

नेस्ले इंडिया ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि यह आदेश EPFO, मैसूर के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा ‘कर्मचारी भविष्य निधि और विविध प्रावधान अधिनियम, 1952’ की धारा 7Q और 14B के तहत जारी किया गया है।

कंपनी ने कहा, “हमें कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के क्षेत्रीय कार्यालय से एक आदेश मिला है, जिसमें ₹36,36,548 की राशि की मांग की गई है। इसमें PF कोड के तहत 2012-2019 की अवधि के लिए हर्जाने/जुर्माने के रूप में ₹20,09,516 की राशि शामिल है।”

क्यों मिला नेस्ले इंडिया को नोटिस?

नेस्ले इंडिया को 26 नवंबर, 2026 को यह आदेश प्राप्त हुआ। यह मांग 2012 से 2019 की अवधि के पुराने प्रॉविडेंट फंड दायित्वों से संबंधित है। FMCG कंपनी ने स्पष्ट किया कि इस रेगुलेटरी आदेश का उसके वित्तीय प्रदर्शन, व्यावसायिक कामकाज या अन्य गतिविधियों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।

EPFO ने EPF अधिनियम की धारा 7Q और 14B के तहत यह मांग जारी की है; ये धाराएं वैधानिक भविष्य निधि (प्रोविडेंट फंड) के भुगतान की बाध्यताओं और दंड से संबंधित हैं।

धारा 7Q नियोक्ताओं को बकाया वैधानिक देय राशियों पर ब्याज चुकाने के लिए उत्तरदायी बनाती है, जबकि धारा 14B भविष्य निधि प्राधिकरण को कर्मचारी भविष्य निधि अंशदान और अन्य वैधानिक भुगतानों को जमा करने में चूक होने की स्थिति में हर्जाना वसूलने का अधिकार देती है। इन प्रावधानों का उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा संबंधी दायित्वों का समय पर पालन सुनिश्चित करना और कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति लाभों की सुरक्षा करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button