उत्तर प्रदेशराज्‍य

बिजली-पानी नहीं, अब गाय के नाम पर दें वोट; फतेहपुर में बोले-अविमुक्तेश्वरानंद, कहा, गाय को गौमाता घोषित कराएं

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि गोमाता के नाम पर वोट लेने वालों को सबक सिखाने की जरूरत है। गोभक्तों को शपथ दिलाते हुए कहा कि गोमाता को नुकसान पहुंचाने वालों का विरोध किया जाए। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गविष्ठ यात्रा बुधवार सुबह बांदा से होते हुए जिले के दतौली पहुंची। यहां गोभक्तों ने माला और अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुत्तौर में क्षेत्र पंचायत सदस्य आदित्य शुक्ला, प्रधान चिदानंद शुक्ला, अरविंद महाराज, जीतू तिवारी, अजय पंडित और अभिनव शुक्ला ने स्वागत किया। यहां शंकराचार्य करीब 15 मिनट रुके।

इसके बाद काफिला सुजानपुर पहुंचा। यहां गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल की अगुवाई में बैंड-बाजे के साथ स्वागत हुआ। मंच पर भक्तों ने आरती उतारी और खड़ाऊ धोकर आशीर्वाद लिया। शंकराचार्य ने गोभक्तों से दाहिना हाथ उठवाकर शपथ दिलाई कि मैं गौभक्त हूं, गाय मेरी माता है और मैं उसकी रक्षा करूंगा।

उन्होंने कहा कि जो लोग गाय को केवल पशु मानते हैं वे गोमाता के विरोधी हैं। गोहत्या करने या करवाने वालों को समाज का शत्रु बताते हुए कहा कि गोमाता की रक्षा सभी की जिम्मेदारी है। गाय के नाम पर राजनीति कर सरकार बनाने वाले गोहत्या रोकने में नाकाम हैं। जनता जब गाय को माता मानती है तो सरकार उसे राष्ट्रीय पशु घोषित क्यों नहीं करती। उन्होंने बूचड़खानों पर रोक लगाने की भी मांग की। साथ ही कहा कि इस बार वोट बिजली, पानी और सड़क नहीं बल्कि गोमाता की रक्षा के मुद्दे पर होना चाहिए।

मुस्लिम समुदाय की महिलाओं ने भी उठाई आवाज

बहुआ में मुस्लिम समुदाय की महिला शबनम बानो और सभासद प्रतिनिधि फिदा हुसैन समेत कई लोगों ने भी गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की आवाज स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के सामने उठाई। उनका कहना था कि इससे गोवंश से जुड़ी घटनाओं पर रोक लग सकेगी।

असोथर में हुआ स्वागत : कस्बे में विजयीपुर रोड पर बुधवार दोपहर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज का श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। इस मौके पर हेमलता पटेल, संतोष कुमार गौड़, बृजेश गुप्ता, मुन्ना गुप्ता, पुत्तन सविता, शंभू गुप्ता और मनीष सविता मौजूद रहे।

गाजीपुर में भक्तों ने बरसाए फूल : कस्बे में बहुआ रोड स्थित गंगदेव मंदिर में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माला पहनाकर स्वागत किया। शंकराचार्य ने गोमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग दोहराई। इस मौके पर कांग्रेसी नेता वीरेंद्र सिंह चौहान, शिवाकांत और बाबी सोनी मौजूद रहे।

विजयीपुर में फूल बरसाकर उतारी आरती : शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज का विजयीपुर चौराहे पर बुधवार शाम स्वागत हुआ। श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर आरती उतारी। इस मौके पर सचिन यादव, नरेश कोरी, संगीता राज पासी, डॉ. अजीत यादव, कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button