अपराधएनसीआरनोएडा

ढाबा संचालक को बोनट पर डालकर 1.5 KM तक तेज स्पीड में दौड़ाई कार, फिर फेंककर भाग गए आरोपी

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक खौफनाक घटना सामने आई है। इस खौफनाक मंजर को देख मौके पर मौजूद लोगों की सांसे थम गई। सरे राह बेखौफ अंदाज में कुछ दबंगों ने करीब 48 वर्षीय एक व्यक्ति को कार के बोनट पर डालकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक लेकर गए। पीड़ित के बेटे ने जब बेखौफ दबंगों के कार का पीछा किया, उसके पिता को छोड़कर भाग गए।

थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-71 में स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट के बाहर चार लड़कों ने ढाबा मालिक को उसके बेटे के सामने पीट दिया। जब पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपी उसे कार के बोनट पर लादकर ले गए। पीड़ित के बेटे ने बाइक से उनका पीछा किया तो आरोपी करीब डेढ़ किलोमीटर कार दौड़ाने के बाद उसे छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय पुलिस ने चारों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

ढाबा लगाने का विरोध

शिव शक्ति अपार्टमेंट में रहने वाले अमित कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके पिता रामदयाल मूल रूप से बस्ती जिले के निवासी हैं। वे कई वर्षों से परिवार के साथ नोएडा में रह रहे हैं और सोसाइटी के पास ही वेंडिंग जोन में ढाबा चलाते हैं। हाल ही में सोसाइटी के ही शिव राज गौर, सत्य प्रकाश तिवारी, दिनेश गौर व अंकुर मिश्रा उन्हें तंग करते रहते हैं और ढाबा लगाने का विरोध कर रहे हैं।

सोमवार रात करीब पौने 9 बजे के आस-पास ये चारों युवक कार लेकर उनके ढाबे पर आए थे। युवकों ने उनके पिता रामदयाल पर ढाबा बंद करने और बाहर निकलने का दबाव डालना शुरू कर दिया। आरोप है कि चारों ने बेखौफ अंदाज में धमकी दी कि अब सेक्टर के आस-पास की सारी दुकानें उनके इशारे पर ही खुलेंगी या बंद होंगी।

रामदयाल ने इसका विरोध किया तो कार से दो अन्य युवक उतरे और उन पर हमला बोल दिया, उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई। इसी दौरान पीड़ित का बेटा अमित भी ढाबे पर पहुंच गया और किसी तरह बेखौफ दबंगों से अपने पिता को बचाया।

पिता को बचाने के लिए दौड़ा बेटा

आरोपियों ने रामदयाल पर कार चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वे जान बचाते हुए कार के बोनट पर चढ़ गए। आरोपी तेज रफ्तार से कार दौड़ाते हुए भाग निकले, जबकि रामदयाल बोनट पर ही लटके रहे। अमित बाइक पर सवार होकर पिता को बचाने के लिए उनका पीछा करने लगा। दावा है कि आरोपियों ने करीब डेढ़ किलोमीटर दूर साईं अपार्टमेंट के पास सर्विस रोड पर उन्हें उतार दिया और धमकाते हुए फरार हो गए।

अब इस घटना के 5 वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें कई लोग आपस में बहस करते दिख रहे हैं। इसी दौरान एक कार तेज रफ्तार से ढाबा मालिक को ठोकते हुए बोनट पर लादकर आगे बढ़ जाती है। इसी घटना से जुड़ा एक अन्य वीडियो भी सामने आया है। इसमें घायल व्यक्ति बेहोशी की हालत में स्ट्रेचर पर लेटा हुआ है। ढाबा मालिक को बोनट पर ले जाते हुए का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।

फास्ट फूड का ठेला लगाता है आरोपी

पीड़ित और आरोपियों के बीच आस-पास ठेला लगाने को लेकर विवाद चला आ रहा है। आरोपी भी फास्ट फूड का ठेला लगाते हैं। इसी को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में इस मुद्दे पर झड़प हो चुकी थी। मारपीट वाली जगह पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, हालांकि कार भागते समय के वीडियो सामने आए है। घटना से संबंधित वायरल वीडियो के आधार पर ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button