खेलमनोरंजन

साई सुदर्शन ने जीती ऑरेंज और प्रसिद्ध कृष्णा ने जीती पर्पल कैप, ट्रॉफी के साथ मिली इतने लाख की प्राइज मनी

गुजरात टाइटंस की टीम भले ही आईपीएल के फाइनल में पहुंचने में नाकाम रही, लेकिन उसके सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने ऑरेंज कैप अपने नाम कर लिया। आईपीएल 2025 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पंजाब किंग्स को छह रन से हराकर पहली बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। आईपीएल की ट्रॉफी भले ही आरसीबी जीतने में सफल रही, लेकिन ऑरेंज कैप और पर्पल कैप पर गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।

अपने प्रदर्शन से किया था प्रभावित

साई सुदर्शन ने इस सीजन अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने 15 मैचों में 156.17 के स्ट्राइक रेट और 54.21 के औसत से 759 रन बनाए जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। सुदर्शन ने शुभमन गिल के साथ मिलकर गुजरात को कई मैचों में मजबूत शुरुआत दिलाई। गुजरात का सफर हालांकि, एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार के साथ समाप्त हो गया था। साई सुदर्शन ने एलिमिनेटर मुकाबले में भी अच्छा प्रदर्शन किया था और 80 रनों की पारी खेली थी, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम लक्ष्य हासिल करने में असफल रही थी।

कोहली भी थे दौड़ में शामिल

ऑरेंज कैप की दौड़ में आरसीबी के विराट कोहली भी शामिल थे। फाइनल से पहले कोहली के पास ऑरेंज कैप हासिल करने का मौका था, लेकिन सुदर्शन को पीछे छोड़ने के लिए अंतर ज्यादा था। कोहली ने फाइनल मैच में 43 रन बनाए और वह इस दौड़ में पीछे रह गए। कोहली ने 15 पारियों में 144.71 के स्ट्राइक रेट से 657 रन बनाए और इस सीजन सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर रहे। मुंबई इंडियंस के सूर्यकुमार यादव 16 मैचों में 717 रन बनाकर ऑरेंज कैप की दौड़ में दूसरे स्थान पर रहे।

इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

खिलाड़ी मैच रन औसत स्ट्राइक रेट चौके छक्के
साई सुदर्शन 15 759 54.21 156.17 88 21
सूर्यकुमार यादव 16 717 65.18 167.92 69 38
विराट कोहली 15 657 54.75 144.71 66 19
शुभमन गिल 15 650 50.00 155.88 62 24
मिचेल मार्श 13 627 48.23 163.71 56 37
श्रेयस अय्यर 17 604 50.33 175.07 43 39

हेजलवुड पर्पल कैप हासिल करने से चूके

आरसीबी के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड पर्पल कैप की दौड़ में शामिल थे। उनके पास पर्पल कैप हासिल करने का अच्छा मौका था। हेजलवुड ने 12 मैचों में 22 विकेट लिए। उन्होंने फाइनल में एक विकेट ही लिया। अगर हेजलवुड फाइनल मुकाबले में पांच विकेट लेते तो वह पर्पल कैप हासिल कर सकते थे। हालांकि, गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा 25 विकेट के साथ शीर्ष पर बने रहे और उन्होंने पर्पल कैप का पुरस्कार अपने नाम किया।

इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी

खिलाड़ी मैच विकेट
प्रसिद्ध कृष्णा 15 25
नूर अहमद 14 24
जोश हेजलवुड 12 22
ट्रेंट बोल्ट 16 22
अर्शदीप सिंह 17 21
आर साई किशोर 15 19

आरसीबी बनी चैंपियन

आईपीएल 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत लिया है। 18 साल का इंतजार खत्म हो चुका है। आखिरकार विराट कोहली भी चैंपियन बन गए हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में आरसीबी ने पंजाब को छह रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 190 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब की टीम सात विकेट पर 184 रन ही बना सकी। आरसीबी आईपीएल चैंपियन बनने वाली आठवीं टीम है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, डेक्कन चार्जर्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम चैंपियन बन चुकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button