अयोध्या में युवती का मर्डर, गांव के बाहर मिला अर्धनग्न शव, गांववाले बोले- रेप के बाद हुई हत्या

अयोध्या। संदिग्ध परिस्थितियों में घर से निकली एक युवती का शव सुबह खेत में मिला। शव अर्धनग्न अवस्था में था और सिर कीचड़ युक्त भूमि में धंसा हुआ था। मृतका के भाई ने एक युवक पर हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
वारदात को लेकर शारीरिक शोषण की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड बना कर परीक्षण के लिए भेजा गया है।
घटना कैंट थाना क्षेत्र के पलिया शाहबदी गांव की है। गांव निवासी 18 वर्षीय युवती शनिवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। स्वजन को इसका पता नहीं चला। सुबह युवती का शव घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में देखा गया।
गांव वालों ने इसकी सूचना मृतका के स्वजन एवं पुलिस को दी। मृतका कक्षा आठ तक ही पढ़ी थी। परिवार खेती करता है। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी एवं सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच छानबीन की।
घटनास्थल की परिस्थितियां बता रहीं थीं कि युवती के साथ काफी बर्बरता की गई थी। सलवार से उसका गला दबा दिया गया था और सिर को गीली भूमि में धंसा दिया गया था। घटनास्थल से पुलिस को एक चप्पल मिली है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित नहर के पास भी पैरों के निशान मिले हैं।
आशंका है कि वारदात कहीं और करके शव खेत में फेंका गया है। मृतका के भाई ने बताया कि उसकी बहन एक लड़के से बातचीत करती थी। घरवाले शादी के लिए राजी भी थे। शनिवार की रात साढ़े दस बजे तक वह घर ही थी, कब निकली इसके बारे में जानकारी नहीं है।
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी व विधायक वेदप्रकाश गुप्त ने भी मृतक के स्वजनों से मिल कर प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। सपा नेता व पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय ने भी मृतका के स्वजनों से भेंट की। मृतका की मां का निधन हो चुका है। दो बहनों में मृतका छोटी थी उसके दो भाई हैं। कैंट थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि इनायतनगर के गहनाग निवासी आलोक निषाद पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मृतका का फोन भी लापता
मृतका अपना फोन लेकर घर से निकली थी, जो लापता है। जांच में पाया गया है कि सुबह भाई ने जब बहन के मोबाइल पर फोन मिलाया तो किसी पुरुष ने फोन उठाया और अपना नाम आलोक बताया। इसके बाद फोन कट गया। फोन की लोकेशन ट्रेस करने के लिए सर्विलांस की मदद ली जा रही है। इस घटना को लेकर गांव में काफी आक्रोश है। लोगों ने घटना की निंदा करते हुए आरोपित पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
युवती को इंस्टाग्राम पर रील बनाने का था शौक
युवती को इंस्टाग्राम पर रील बनाने का शौक था। उसकी आइडी से जुड़े कुछ युवकों पर भी पुलिस को संदेह है। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के स्वजन ने एक युवक पर हत्या करने की आशंका व्यक्त की है। प्राथमिकी दर्ज कर प्रभावी जांच की जा रही है।


