एनसीआरनोएडा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मेट्रो का तोहफा, गौर चौक तक नई लाइन; 4 स्टेशन, 113 सोसायटी को फायदा

नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) के विस्तार को लेकर एक और नया अपडेट आ रहा है। ये अपडेट, सेक्टर 142-बॉटेनिकल गार्डन कॉरिडोर से अलग है। जी हां, नोएडा मेट्रो अब ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी अपना विस्तार करने की तैयारियों में जुट गया है। नोएडा मेट्रो के इस विस्तार से, ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लाखों लोगों को काफी राहत मिलेगी और क्षेत्र में लंबे समय से मेट्रो की मांग पूरी होगी। नोएडा मेट्रो अपनी एक्वा लाइन को सेक्टर-61 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 स्थित गौर चौक तक फैलाने की योजना बना रहा है।

6 किमी लंबे कॉरिडोर पर होंगे 4 स्टेशन

लाइव हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नोएडा सेक्टर-61 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक प्रस्तावित इस कॉरिडोर पर 4 स्टेशन बनाए जाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 6 किमी लंबे इस कॉरिडोर पर सेक्टर-70, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 में स्टेशन बनाए जाएंगे। सेक्टर-61 मेट्रो स्टेशन दिल्ली मेट्रो और नोएडा मेट्रो का जॉइंट स्टेशन होगा, जिसे एक इंटरचेंज या जंक्शन के रूप में डेवलप किया जाएगा। इस कॉरिडोर से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित करीब 113 हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले 5 लाख से ज्यादा लोगों को फायदा होगा और उन्हें भी मेट्रो की सुविधा मिल जाएगी।

गौर चौक पर लगता है भीषण जाम

इस क्षेत्र में मेट्रो न होने की वजह से लोगों को मजबूरन प्राइवेट और पब्लिक कार/कैब का इस्तेमाल करना होता है, जिससे यहां भयंकर जाम लगता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस कॉरिडोर के लिए डीपीआर तैयार किया जा चुका है। हालांकि, इसमें कुछ बदलाव के बाद दोबारा यूपी सरकार को भेजा जाएगा। ये एक छोटा कॉरिडोर होगा, लिहाजा इसका खर्च भी काफी कम होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, इस कॉरिडोर का निर्माण केंद्र सरकार, राज्य सरकार, नोएडा अथॉरिटी और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी- सभी के सहयोग से किया जाएगा।

सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन को जोड़ने वाले कॉरिडोर को मिली मंजूरी

बताते चलें कि केंद्र सरकार ने अभी हाल ही में एक्वा लाइन पर बने सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन को दिल्ली मेट्रो के बॉटेनिकल गार्डन से जोड़ने वाले प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। इस एलिवेटेड कॉरिडोर की कुल लंबाई 11.56 किमी होगी और इसके निर्माण में लगभग 2254 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। बॉटेनिकल गार्डन-सेक्टर 142 कॉरिडोर पर कुल 8 स्टेशन होंगे। नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन अभी सेक्टर 51 से ही शुरू होकर सेक्टर 142, नॉलेज पार्क 2, परी चौक से होते हुए डिपो स्टेशन तक जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button